गंगा पार दियारा में शुरू हुई परवल की खेती, नाव से खेतों तक पहुंच रहे हजारों किसान-मजदूर

भागलपुर। जिले के गोपालपुर प्रखंड के बुद्धूचक और कमलाकुंड दियारा क्षेत्र में परवल की खेती का नया सीजन शुरू हो गया है। गंगा के पार फैले दियारा इलाके में किसान खेत तैयार करने के साथ परवल की बेल लगाने के काम में जुट गए हैं। इस क्षेत्र में बड़े पैमाने पर परवल की खेती होती है, जो कई किसानों की आय का प्रमुख साधन है।
खेती का मौसम शुरू होते ही सुबह से ही गंगा के किनारे किसानों और मजदूरों की आवाजाही बढ़ गई है। रोजाना बड़ी संख्या में लोग नाव के जरिए गंगा पार कर दियारा स्थित खेतों तक पहुंच रहे हैं। नावों पर खेती के जरूरी सामान और अन्य संसाधनों के साथ किसान-मजदूर खेतों की ओर जाते नजर आते हैं।
दियारा पहुंचने के बाद किसान खेतों की तैयारी और परवल की बेल लगाने में जुट जाते हैं। खेती के इस काम में बड़ी संख्या में स्थानीय मजदूर भी लगे हैं। इससे ग्रामीण क्षेत्र में रोजगार के अवसर भी बढ़े हैं।
चुनौतियों के बीच खेती की उम्मीद
दियारा में खेती करना किसानों के लिए किसी चुनौती से कम नहीं है। गंगा पार कर खेतों तक पहुंचना, खेती के लिए जरूरी सामान नाव से ले जाना और पूरे दिन खेतों में काम करना उनकी रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा है। इसके बावजूद बेहतर उत्पादन और बाजार में अच्छे भाव की उम्मीद किसानों को खेती के लिए प्रेरित कर रही है।
अब किसानों की नजर मौसम और बाजार के रुख पर है। अनुकूल मौसम और उचित बाजार भाव मिलने पर इस बार परवल की खेती से किसानों को अच्छी आमदनी होने की उम्मीद है।



