नवगछिया। शराबबंदी को सख्ती से लागू कराने की जिम्मेदारी जिन पुलिसकर्मियों पर है, वही नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाते नजर आ रहे हैं। नवगछिया पुलिस लाइन में तैनात आरा जिला निवासी पीटीसी जवान विशाल कुमार चाकूबाजी की घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। बताया जा रहा है कि कुछ माह पूर्व विशाल कुमार को हार्ट अटैक भी आया था।
पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपित दारोगा जयराम मांझी के साथ विशाल कुमार बाजार में बैठकर शराब पी रहा था। इसी दौरान पैसों को लेकर विवाद हुआ, जो देखते ही देखते चाकूबाजी में तब्दील हो गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा गया। लोगों का कहना है कि जिन पुलिसकर्मियों पर शराबबंदी की निगरानी की जिम्मेदारी है, वही नशापान और आपराधिक गतिविधियों में शामिल हैं।
मामले में आरोपित दारोगा जयराम मांझी की अनुमंडल अस्पताल में कराई गई शराब जांच में 57 एमएल/10 एमजी अल्कोहल की मात्रा पाई गई है, जिससे शराब सेवन की पुष्टि हुई है।
इधर, घायल जवान को अनुमंडल अस्पताल से मायागंज रेफर किए जाने के दौरान लापरवाही भी सामने आई। एंबुलेंस में केवल एक चौकीदार मौजूद था, जबकि विक्रमशिला पुल पर भारी जाम के कारण एंबुलेंस करीब आधे घंटे तक फंसी रही। बाद में किसी तरह एंबुलेंस को जाम से निकाला गया।
एसडीपीओ ओमप्रकाश कुमार ने बताया कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच के लिए एक टीम गठित की गई है और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

