नवगछिया – भागलपुर जिले के नवगछिया अनुमंडल में हाल ही में आए तूफान और भारी बारिश से किसानों की फसल को हुए नुकसान के मामले में प्रशासन सक्रिय हो गया है। इस संबंध में नवगछिया अनुमंडल कार्यालय को एक महत्वपूर्ण आवेदन प्राप्त हुआ, जिसके बाद त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

आवेदक रौशन कुमार उर्फ़ रौशन सनगही द्वारा ई-मेल के माध्यम से फसल क्षति का मुद्दा उठाते हुए मुआवजा दिलाने की मांग की गई थी। अपने आवेदन में उन्होंने बताया कि तूफान और बारिश के कारण किसानों की खड़ी फसल को भारी नुकसान हुआ है, जिससे किसानों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पदाधिकारी, नवगछिया ने अनुमंडल कृषि पदाधिकारी को तत्काल निर्देश जारी किए हैं। निर्देश में कहा गया है कि प्रभावित क्षेत्रों का शीघ्र सर्वेक्षण कराकर वास्तविक क्षति का आकलन किया जाए और सरकार के नियमानुसार किसानों को फसल क्षति मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया शुरू की जाए।
प्रशासन की इस पहल से क्षेत्र के किसानों में राहत की उम्मीद जगी है। अब सभी की नजर सर्वे रिपोर्ट और मुआवजा वितरण की प्रक्रिया पर टिकी हुई है।

