बिहपुर प्रखंड के अमरपुर गांव स्थित अमरेश्वर महादेव मंदिर और मां पार्वती मंदिर में प्रतिमा प्राण-प्रतिष्ठा को लेकर आज भव्य कलश शोभायात्रा निकाली जाएगी।
मंगलवार की सुबह ठीक 6:30 बजे से शुरू होने वाली इस पावन यात्रा में 551 कलशों में अठगामा गंगातट से पवित्र गंगाजल भरकर लाया जाएगा। ढोल-नगाड़ों, शंखनाद और जयकारों के बीच जब मातृशक्ति सिर पर कलश धारण कर कदम बढ़ाएगी, तो पूरा अमरपुर “हर-हर महादेव” के उद्घोष से गूंज उठेगा।
इस शोभायात्रा में सैकड़ों बहनें और मातृशक्ति पारंपरिक वेशभूषा में शामिल होंगी, जो आस्था और संस्कृति का अनुपम संगम प्रस्तुत करेंगी। ग्रामीण रौशन सनगही, प्रीतम और प्रिंस ने बताया कि 25 फरवरी से 1 मार्च तक प्रतिमा प्राण-प्रतिष्ठा पूजन विधिवत रूप से संपन्न होगा।
अमरपुर इन दिनों सिर्फ एक गांव नहीं, बल्कि श्रद्धा का तीर्थ बन चुका है—जहां हर कदम पर भक्ति, हर चेहरे पर उत्साह और हर मन में महादेव के प्रति अटूट विश्वास झलक रहा है।
आस्था का यह महासंगम अमरपुर की पहचान को एक नई आध्यात्मिक ऊंचाई देने जा रहा है।
अमरपुर आज भक्ति, आस्था और उत्साह के रंग में रंगने जा रहा है।

