नवगछिया। बिहार बॉल बैडमिंटन संघ के तत्वावधान तथा नवगछिया बॉल बैडमिंटन संघ के आयोजन में रेलवे स्पोर्ट्स ग्राउंड, बिहपुर (नवगछिया) में चल रही चौथी बिहार राज्य गोल्ड कप बॉल बैडमिंटन प्रतियोगिता में दूसरे दिन रोमांचक मुकाबलों की भरमार रही। पुरुष वर्ग में बेगूसराय, सिवान, मधेपुरा और मेजबान नवगछिया की टीमों ने अपने-अपने पूल में शानदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में जगह बना ली।

पुरुष वर्ग के मुकाबले
पूल ‘ए’ में मधेपुरा ने बाढ़ को 35-29, 35-19 से पराजित किया। वहीं नवगछिया ने बाढ़ को 35-18, 35-13 तथा 35-28, 35-18 से शिकस्त दी। बाढ़ ने भागलपुर को 35-31, 35-18 से हराया।
पूल ‘बी’ के महत्वपूर्ण मुकाबलों में बेगूसराय ने पटना को 35-25, 35-27 से मात दी। बेगूसराय ने सिवान को 35-29, 35-21 से हराया, जबकि सिवान ने पटना को 35-22, 35-21 से पराजित कर अंतिम चार में स्थान पक्का किया।

महिला वर्ग में भी कांटे की टक्कर
महिला वर्ग के मुकाबले भी बेहद रोमांचक रहे। बाढ़ ने भागलपुर को 35-15, 35-30 से हराया। बेगूसराय ने दरभंगा को 35-28, 35-19 से मात दी। बाढ़ ने नवगछिया को 35-19, 32-35, 35-28 से शिकस्त दी तथा दरभंगा को 35-18, 35-21 से पराजित किया। बेगूसराय ने नवगछिया को 35-29, 35-18 से हराया, जबकि नवगछिया ने दरभंगा को 35-27, 35-22 से मात दी।
खिलाड़ियों का दमदार प्रदर्शन
पुरुष वर्ग में मधेपुरा की ओर से अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी दीपक प्रकाश रंजन, मोनू कुमार और गौरव कुमार ने शानदार खेल दिखाया। बेगूसराय की ओर से राष्ट्रीय खिलाड़ी शशांक, आर्यन और छोटू, सिवान की ओर से आशीष ओझा, सुमित शर्मा और पवन, तथा नवगछिया की ओर से अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी सूरज, राहुल और अंकित ने बेहतरीन प्रदर्शन किया।
महिला वर्ग में बेगूसराय की युक्ता रानी, पूनम कुमारी और कशिश कुमारी, नवगछिया की प्रज्ञा भारती, साक्षी और अभिलाषा, बाढ़ की सुहानी, रिया और स्नेहा तथा दरभंगा की दीपाली वर्मा, नेहा और विभा ने दर्शकों का दिल जीता।
मुरली राव को दी श्रद्धांजलि
खेल शुरू होने से पूर्व भारतीय बॉल बैडमिंटन के अभिभावक एवं खेल के संरक्षक मुरली राव (काकीनाडा, आंध्रप्रदेश) के निधन पर खिलाड़ियों व पदाधिकारियों ने दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर संघ के सचिव गौरी शंकर, नवगछिया बॉल बैडमिंटन संघ के अध्यक्ष मनोज कुमार लाल, जिला पार्षद मोईन राइन, आयोजन अध्यक्ष उत्तम कुमार, उपाध्यक्ष अमन आनंद, आयोजन सचिव अविनाश कुमार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।
प्रतियोगिता में अब सेमीफाइनल मुकाबलों को लेकर खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।


