बिहपुर। बुधवार को बिहपुर एनडीए कार्यालय में बिहपुर दक्षिणी मंडल भाजपा द्वारा ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान 2026’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन बिहपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक ई. शैलेंद्र ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ संयुक्त रूप से किया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत से पहले राज्यसभा की सभी पांच सीटों पर एनडीए की जीत पर कार्यकर्ताओं ने खुशी जाहिर करते हुए जश्न मनाया। विधायक ई. शैलेंद्र ने इस उपलब्धि को ऐतिहासिक बताते हुए इसे कार्यकर्ताओं की मेहनत और संगठन की मजबूती का परिणाम बताया।
कार्यक्रम के प्रथम सत्र की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष दिलीप महतो ने की, जबकि संचालन प्रो. गौतम ने किया। प्रशिक्षण के दौरान विधायक ई. शैलेंद्र, महंत नवलकिशोर दास, सुबोध सिंह कुशवाहा, स्वेता सिंह, रूपेश रूप और दिनेश यादव समेत अन्य नेताओं ने विभिन्न सत्रों में भाजपा के वैचारिक अधिष्ठान, संगठन के इतिहास एवं विकास, कार्य विस्तार की रणनीति, कार्यपद्धति, सरकार की उपलब्धियां, सोशल मीडिया और आधुनिक तकनीक के प्रभावी उपयोग तथा बूथ प्रबंधन जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की।
नेताओं ने कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रम संगठन को मजबूत बनाने, कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और स्पष्ट दिशा प्रदान करने के साथ ही समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा और विकास की भावना पहुंचाने में अहम भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में अभय राय, बाल्मीकि मंडल, प्रभुनंदन चौधरी, उमेश पोद्दार, निरंजन साह, नीतेश चौधरी, मृत्युंजय झा, रीता देवी, कमल रंजन, संतोष राय और अरुण चौधरी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। वहीं, 21 मार्च को बिहपुर उत्तरी मंडल में भी इसी प्रकार का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
बिहपुर में भाजपा का ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान 2026’ संपन्न, राज्यसभा जीत पर कार्यकर्ताओं में उत्साह

