मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपनी समृद्धि यात्रा के तहत मंगलवार को सुपौल जिले के निर्मली पहुंचे, जहां उन्होंने विकास कार्यों का निरीक्षण करते हुए जिले को करोड़ों की योजनाओं की बड़ी सौगात दी।
निर्मली पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री ने सबसे पहले निर्मली रिंग बांध का निरीक्षण किया और बाढ़ सुरक्षा से जुड़े कार्यों की जानकारी अधिकारियों से ली। इसके बाद वे अनुमंडल कार्यालय निर्मली मैदान पहुंचे, जहां विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों का निरीक्षण किया और योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने जिले के विकास को गति देने के लिए 569 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली 213 योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। कार्यक्रम के बाद आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने पिछले 20 वर्षों में बिहार में हुए विकास कार्यों पर विस्तार से चर्चा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य राज्य के हर क्षेत्र में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली और सिंचाई जैसी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि पिछले दो दशकों में बिहार ने विकास की नई दिशा पकड़ी है और आगे भी यह यात्रा जारी रहेगी।
कार्यक्रम के दौरान मंच पर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, ऊर्जा, मद्य निषेध, योजना-विकास एवं वित्त मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव, जल संसाधन मंत्री विजय चौधरी, निर्मली विधायक अनिरूद्ध प्रसाद यादव, लौकहा विधायक सतीश कुमार साह सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री की इस यात्रा को लेकर पूरे इलाके में खासा उत्साह देखा गया और बड़ी संख्या में लोग जनसभा में पहुंचकर कार्यक्रम में शामिल हुआ.

