बिहपुर : माध्यमिक शिक्षा विभाग के डिप्टी डायरेक्टर अमरभूषण ने बुधवार को प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों का निरीक्षण कर शैक्षणिक एवं आधारभूत व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
बिहपुर स्थित झंडापुर प्लस टू मॉडल स्कूल में निरीक्षण के दौरान उन्होंने छात्र-छात्राओं की उपस्थिति, स्मार्ट क्लास, क्रीड़ा कक्ष, प्रायोगिक प्रयोगशाला, किशोरी मंच सहित अन्य आधारभूत संरचनाओं का जायजा लिया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रभारी मो. नौशाद आलम, शिक्षक संदीप कुमार एवं सुचिता कुमारी से आवश्यक जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान सर्व शिक्षा अभियान भागलपुर के डॉ. उपेंद्र प्रसाद भी मौजूद रहे।
वहीं नारायणपुर प्रखंड अंतर्गत शिवधारी सुखदेव उच्च माध्यमिक विद्यालय, मौजमाबाद का भी निरीक्षण किया गया। उनके साथ प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी समी अहमद एवं शिक्षा विभाग के अन्य कर्मी उपस्थित थे। डिप्टी डायरेक्टर ने विद्यालय परिसर की साफ-सफाई, शौचालय व्यवस्था, पेयजल सुविधा तथा पठन-पाठन की स्थिति का अवलोकन किया।
निरीक्षण के क्रम में उन्होंने कक्षा 9 एवं 11 में चल रही गणित कक्षा में पहुंचकर छात्रों से गणित के प्रश्न पूछे और अध्ययन स्तर की जानकारी ली। पठन-पाठन व्यवस्था को संतोषजनक बताते हुए उन्होंने कहा कि शीघ्र ही रसायन, भौतिकी एवं जीव विज्ञान के लिए मॉडल विद्यालय की तर्ज पर अलग कक्षों का निर्माण कार्य प्रारंभ कराया जाएगा।
निरीक्षण को लेकर विद्यालय प्रबंधन में सक्रियता देखी गई तथा शिक्षकों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।


