बिहपुर प्रखंड के अमरपुर गांव में आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। अमरेश्वर महादेव व मां पार्वती मंदिर में प्रतिमा प्राण-प्रतिष्ठा को लेकर तैयारियां युद्धस्तर पर जारी हैं। पूरे गांव में भक्ति, उत्साह और उल्लास का वातावरण बना हुआ है।

सोमवार को आयोजित बैठक में आयोजन समिति के अध्यक्ष राजीव सनगही, सचिव जयप्रकाश सनगही और कोषाध्यक्ष संजय कुमार चौधरी ने बताया कि 24 फरवरी को प्रातः बेला में 125 कलशों के साथ भव्य कलश शोभायात्रा निकाली जाएगी। अठगामा गंगातट से गंगाजल भरकर सैकड़ों मातृशक्ति और बहनों की अगुवाई में श्रद्धा की यह यात्रा गांव की पावन गलियों से गुजरेगी।

25 फरवरी से 1 मार्च तक काशी से पधार रहे पूज्य केशव गुरुजी महाराज के नेतृत्व में पांच सदस्यीय विद्वान पंडितों की टोली वैदिक मंत्रोच्चार के बीच शिव-पार्वती मंदिर सहित शिवलिंग, मां पार्वती, कुमार कार्तिकेय, श्री गणेश, नंदी और भैरव की प्रतिमाओं की विधिवत प्राण-प्रतिष्ठा संपन्न कराएगी।
इस पावन अवसर पर आचार्य के रूप में ग्रामीण कुमार गौतम, डा. अरुण चौधरी, प्रदीप शर्मा, विनीत उर्फ बुलबुल एवं रंजीत शर्मा सपत्नीक अनुष्ठान में शामिल होंगे।

तैयारियों में मृत्युंजय, सुरेश पंडित, प्रिंस, विलाट पंडित, पूरण चौधरी, सुनील झा, टुनटुन कुंवर व अरविंद पंडित सहित दर्जनों ग्रामीण दिन-रात जुटे हैं। गांव का हर घर इस आयोजन को ऐतिहासिक बनाने में अपना योगदान दे रहा है।
अमरपुर में होने जा रहा यह आयोजन सिर्फ एक धार्मिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि आस्था, एकता और संस्कृति का महापर्व बनने जा रहा है।

