नवगछिया में प्रेम प्रसंग बना खूनी संघर्ष, दो युवकों की हत्या

IMG 20260305 WA00091 scaled

नवगछिया पुलिस ने 24 घंटे में 5 आरोपियों को किया गिरफ्तार

नवगछिया – नवगछिया थाना क्षेत्र में प्रेम प्रसंग को लेकर हुए दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना में दो युवकों की गोली मारकर हत्या कर दी गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है और उसका इलाज जारी है।


पुलिस के अनुसार, 4 मार्च 2026 को तेतरी जीरोमाइल के पास एक युवक के गोली लगने से घायल होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही नवगछिया थाना की टीम मौके पर पहुंची और घायल युवक को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। बाद में बेहतर इलाज के लिए उसे रेफर कर दिया गया।


प्रारंभिक जांच में पता चला कि घायल युवक अजय कुमार खगड़िया जिले के पसराहा थाना क्षेत्र का रहने वाला है। वह अपने दोस्तों गुलशन कुमार और नीरज कुमार के साथ होली के मौके पर परबत्ता थाना क्षेत्र के बोरवा गांव में अपने रिश्तेदार के यहां आया हुआ था। इसी दौरान बदमाशों ने अजय को गोली मार दी और उसके दोनों दोस्तों की हत्या कर दी। दोनों युवकों के शव अगले दिन नवगछिया थाना क्षेत्र से बरामद किए गए।


घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक नवगछिया और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। वहीं एफएसएल टीम ने मौके से साक्ष्य भी जुटाए। मामले के त्वरित खुलासे के लिए एसपी के निर्देश पर एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया, जिसमें नवगछिया, गोपालपुर और परबत्ता थाना के साथ डीआईयू टीम को शामिल किया गया।
तकनीकी और मानवीय अनुसंधान के आधार पर पुलिस ने मामले में शामिल नीतीश कुमार, अखिलेश उर्फ रूबल, संजो देवी, देवो मंडल और विजय मंडल को गिरफ्तार कर लिया।


पुलिस जांच में सामने आया कि घायल अजय कुमार का मुख्य आरोपी नीतीश कुमार की बहन के साथ प्रेम संबंध था। घटना के दिन अजय कुमार युवती के साथ उसके घर में मौजूद था, जबकि उसके दोनों दोस्त बाहर निगरानी कर रहे थे। इसी बीच युवती के परिजनों को इसकी जानकारी मिल गई और वे गुस्से में मौके पर पहुंच गए। इसके बाद सभी को कलबलिया धार के पास स्थित केला बागान में ले जाकर गोली मार दी गई।
गोली लगने के बाद अजय कुमार किसी तरह घायल अवस्था में वहां से भागने में सफल हो गया, जबकि दोनों युवकों की हत्या कर शवों को सड़क किनारे फेंक दिया गया।
इस मामले में मृतक के परिजनों के आवेदन के आधार पर नवगछिया थाना कांड संख्या 103/26 दर्ज किया गया है। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और घटना में इस्तेमाल हथियार की बरामदगी के लिए छापेमारी जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *