नवगछिया – आगामी रामनवमी पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने को लेकर नवगछिया पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। इसी कड़ी में रविवार को पुलिस अधीक्षक नवगछिया ने पुलिस लाइन केंद्र स्थित सभागार में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की।
बैठक में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नवगछिया, सभी पुलिस उपाधीक्षक, अंचल निरीक्षक, थानाध्यक्ष और विभिन्न शाखाओं के प्रभारी अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान जिले की कानून-व्यवस्था की गहन समीक्षा की गई और कई अहम निर्देश जारी किए गए।
पुलिस अधीक्षक ने संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने का निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी तरह की असामाजिक गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। लंबित गंभीर कांडों के शीघ्र निष्पादन पर जोर देते हुए संबंधित अधिकारियों को तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा लंबित वारंट, इस्तिहार और कुर्की के मामलों के निष्पादन में तेजी लाने, अवैध शराब एवं मादक पदार्थों की बरामदगी और विनष्टीकरण की कार्रवाई को तेज करने पर भी विशेष जोर दिया गया।
बैठक में गुंडा प्रस्ताव, डोजियर और राजसात मामलों की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की गई, वहीं IRAD/EDAR इंट्री को भी अपडेट रखने का निर्देश दिया गया।
फसल कटाई के मौसम को देखते हुए दियारा क्षेत्रों में सघन और प्रभावी पेट्रोलिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि किसानों की सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनी रहे।
रामनवमी को लेकर विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश देते हुए पुलिस अधीक्षक ने जुलूस मार्गों की लगातार निगरानी, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती और हर स्तर पर समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान शांति भंग करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और आमजन से भी सहयोग की अपील की गई है।

