बिहपुर में बंद मालगोदाम चालू कराने को लेकर विधायक ने डीआरएम सोनपुर को लिखा पत्र

Screenshot 20260411 090508 Chrome

बिहपुर। थानाबिहपुर स्थित बंद पड़े रेलवे मालगोदाम को अविलंब चालू कराने की मांग को लेकर बिहपुर विधानसभा के भाजपा विधायक Kumar Shailendra ने East Central Railway के डीआरएम सोनपुर को पत्र प्रेषित किया है।
विधायक ने अपने पत्र में कहा है कि बिहपुर स्टेशन पर लाइन संख्या छह को मालगाड़ी लाइन के रूप में विकसित किया जा रहा है तथा मालगोदाम के विकास हेतु सर्वेक्षण कार्य प्रगति पर है। ईस्ट सेंट्रल रेलवे के रेट सर्कुलर संख्या 67/2025 के अनुसार लाइन संख्या छह को इंजीनियरिंग ब्लास्ट इनवर्ड/आउटवर्ड साइडिंग के लिए खोल दिया गया है। इसके बावजूद स्थानीय व्यापारियों के अनुसार बिहपुर मालगोदाम अब भी बंद पड़ा है।
पत्र में उल्लेख किया गया है कि मालगोदाम क्षेत्र में न तो सफाई, न मरम्मत और न ही किसी प्रकार का निर्माण कार्य शुरू किया गया है। रेलवे लाइन संख्या छह एवं शंटिंग नेक की स्थिति भी दयनीय बनी हुई है। अनुबंध संख्या SEE 25-26-207 (समापन तिथि 9 फरवरी 2026) की टेंडर प्रक्रिया पूर्ण होने के बावजूद कार्य प्रारंभ नहीं होने से विकास कार्यों में अनावश्यक विलंब हो रहा है।
विधायक ने यह भी स्मरण कराया कि पूर्व में डीआरएम कार्यालय द्वारा आश्वासन दिया गया था कि लाइन संख्या छह को इंजीनियरिंग साइडिंग के रूप में चालू कर वहां मालगोदाम विकसित किया जाएगा तथा यात्रियों की सुविधा हेतु फुटओवर ब्रिज का निर्माण 31 मार्च तक पूर्ण किया जाएगा, किंतु अब तक अपेक्षित प्रगति नहीं दिखी है।
उन्होंने कहा कि बिहपुर क्षेत्र मक्का, आम एवं लीची उत्पादन के लिए जाना जाता है। इन कृषि उत्पादों के सुचारु परिवहन के लिए सुसज्जित मालगोदाम की आवश्यकता अत्यंत महत्वपूर्ण है। अप्रैल अंत तक मक्के की फसल तैयार होने वाली है, ऐसे में मई के प्रथम सप्ताह से लोडिंग सुविधा उपलब्ध कराना आवश्यक है, ताकि किसानों व व्यापारियों को लाभ मिल सके।
विधायक ने मांग की है कि मालगोदाम निर्माण एवं मरम्मत कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण किया जाए, परिसर में साफ-सफाई व प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा कार्य की निगरानी हेतु एक जिम्मेदार अधिकारी की नियुक्ति कर उनका नाम एवं संपर्क नंबर उपलब्ध कराया जाए।
इस संबंध में स्थानीय व्यापारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने भी शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *