नवगछिया पुलिस की त्वरित कार्रवाई, मारपीट व शराब मामलों में कई गिरफ्तार

1775881170238

नवगछिया । पुलिस जिला नवगछिया अंतर्गत विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मारपीट, शराब तस्करी एवं वारंटी गिरफ्तारी के मामलों में कई आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
इस्माईलपुर थाना क्षेत्र में फसल कटाई को लेकर हुए विवाद में मारपीट के मामले में एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार 8 अप्रैल 2026 को वादी विकास कुमार के आवेदन पर इस्माईलपुर थाना कांड संख्या 73/26 दर्ज किया गया था। आरोप है कि ग्रामीण नरसिंह मंडल एवं अन्य 6-7 लोगों ने गाली-गलौज करते हुए वादी और उनके परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नरसिंह मंडल (पिता–डेलो मंडल, ग्राम–विनोवा, थाना–इस्माईलपुर, जिला–भागलपुर) को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य नामजद अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।


वहीं, 9 अप्रैल 2026 को गुप्त सूचना के आधार पर झंडापुर थाना पुलिस ने ग्राम हरियो स्थित एक पुल के पीछे से 2 लीटर देशी शराब बरामद की। इस संबंध में झंडापुर थाना कांड संख्या 62/26 दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।


इसी क्रम में इस्माईलपुर थाना कांड संख्या 76/26 एवं 77/26 के तहत बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम के प्रावधानों में कार्रवाई करते हुए तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। कांड संख्या 76/26 में सोनू कुमार (गणौर चक दियरा, थाना–परबत्ता, जिला–भागलपुर) एवं अमित कुमार (पिरगंज डिमंडी, थाना–कोढ़ा, जिला–कटिहार) को गिरफ्तार कर न्यायालय भेजा गया। वहीं कांड संख्या 77/26 में विकास मंडल (गरैया, थाना–परबत्ता, जिला–भागलपुर) को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के लिए प्रस्तुत किया गया।
इसके अतिरिक्त माननीय न्यायालय जेएम-1 लखीसराय के जीआर संख्या 967/24 के तहत जारी गैर-जमानती वारंट के आलोक में संजय सहनी (ग्राम–बहतरा, थाना–परबत्ता, जिला–भागलपुर) को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि विधि-व्यवस्था बनाए रखने एवं अपराध नियंत्रण के लिए लगातार सघन अभियान जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *