कहलगांव व्यवहार न्यायालय में नई सुविधाओं की सौगात, ई-सेवा केंद्रों का भी शुभारंभ

IMG 20260211 WA0008

भागलपुर: न्यायिक व्यवस्था को सशक्त और जनसुलभ बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए पटना उच्च न्यायालय के माननीय मुख्य न्यायाधीश श्री संगम कुमार साहू ने कहलगांव व्यवहार न्यायालय में नवनिर्मित एमेनिटी बिल्डिंग और हाजत भवन का लोकार्पण किया। इसके साथ ही व्यवहार न्यायालय भागलपुर, कहलगांव और नवगछिया के कुल 9 ई-सेवा केंद्रों का भी ऑनलाइन उद्घाटन किया गया।


कार्यक्रम में पटना उच्च न्यायालय के माननीय न्यायाधीश न्यायमूर्ति राजीव रंजन प्रसाद, भागलपुर के इंस्पेक्टिंग जज न्यायमूर्ति सुनील दत्त मिश्रा, रोहतास के इंस्पेक्टिंग जज न्यायमूर्ति पार्थ सारथी, जमुई के इंस्पेक्टिंग जज न्यायमूर्ति डॉ. अंशुमान, शेखपुरा के इंस्पेक्टिंग जज न्यायमूर्ति सौरेन्द्र पांडे, बांका के इंस्पेक्टिंग जज न्यायमूर्ति रितेश कुमार, शिवहर के इंस्पेक्टिंग जज न्यायमूर्ति अंशुल समेत अन्य न्यायाधीशगण और रजिस्ट्रार जनरल की गरिमामयी उपस्थिति रही।


कहलगांव में आयोजित समारोह में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश भागलपुर श्री धर्मेंद्र कुमार सिंह, जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी, नगर पुलिस अधीक्षक श्री शैलेंद्र सिंह तथा व्यवहार न्यायालय के प्रथम एवं द्वितीय अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश मौजूद रहे।
मुख्य न्यायाधीश श्री साहू ने अपने संबोधन में कहा कि नई भवन संरचनाओं से न्यायालय की आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा और आम जनता को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने कहा कि इससे न्यायपालिका के प्रति विश्वास और पारदर्शिता दोनों मजबूत होंगे तथा वादियों को समयबद्ध न्याय उपलब्ध कराने में सहूलियत होगी।
वहीं प्रधान जिला न्यायाधीश श्री धर्मेंद्र कुमार सिंह ने इन भवनों को न्यायमंडल में वादियों की सुगम पहुंच का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए कहा कि यह पहल न्याय को आमजन के और करीब लाने में मील का पत्थर साबित होगी।
न्यायिक ढांचे के आधुनिकीकरण की दिशा में उठाया गया यह कदम भागलपुर न्यायमंडल के लिए नई ऊर्जा और नई उम्मीद लेकर आया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *