दूसरी शादी की चोरी-छुपे तैयारी, पहली पत्नी ने पुलिस बुलाकर रुकवाई बारात, दूल्हा हिरासत में

IMG 20251120 WA0033

श्रवण आकाश, खगड़िया. खगड़िया जिला अंतर्गत परबत्ता थाना क्षेत्र के नयागांव में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया जब एक युवक की शादी में अचानक पुलिस पहुंच गई। दरअसल, मुंगेर निवासी सुमन कुमारी ने परबत्ता थाना में आवेदन देकर आरोप लगाया कि उनका पति शशि कुमार दीपक उनसे छिपाकर दूसरी शादी करने जा रहा है। शिकायत मिलते ही पुलिस हरकत में आई और तैयार हो रही बारात को रुकवा दिया। आवेदन में सुमन कुमारी ने बताया कि उनकी शादी 17 नवंबर 2024 को भागलपुर के एक मंदिर में खगड़िया जिले के नयागांव निवासी विद्यानंद दास के पुत्र शशि कुमार दीपक से विधि-विधान के साथ हुई थी।

img 20251120 wa00345264971153887316425

शादी के बाद शशि कुमार कभी-कभार उनसे मिलने मुंगेर आता-जाता रहा तथा मोबाइल नंबर 9534815964 और 9113329118 पर नियमित बातचीत भी होती रही। सब कुछ सामान्य चल रहा था, लेकिन 17 नवंबर 2025 को अचानक शशि कुमार ने फोन कर बताया कि वह इलाज कराने नेपाल जा रहा है और कुछ दिनों तक बात नहीं कर पाएगा। सुमन को पति के व्यवहार पर संदेह हुआ तो उन्होंने अपने स्तर पर जानकारी जुटानी शुरू की। तभी खुलासा हुआ कि शशि कुमार 21 नवंबर 2025 को नयागांव में दूसरी शादी रचाने की तैयारी में जुटा है। यह सुनते ही सुमन के होश उड़ गए और उन्होंने तुरंत परबत्ता थाने में गुहार लगाई कि मामले की गंभीरता को देखते हुए कार्रवाई की जाए।

img 20251120 wa00321697062631138647375

इधर नयागांव में शशि कुमार की शादी की तैयारियां काफी दिनों से जोर-शोर से चल रही थीं। गुरुवार को मड़वा का रस्म भी धूमधाम से पूरा हुआ था। 21 नवंबर को निकलने वाली बारात को लेकर गांव में उत्साह का वातावरण था। बाराती सजधज कर जाने की तैयारी में थे, लेकिन पुलिस की कार्रवाई से माहौल तनावपूर्ण हो गया। लोगों को तब पता चला कि दूल्हा पहले से शादीशुदा है। इस खुलासे से ग्रामीणों में नाराजगी फैल गई।परबत्ता पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शशि कुमार दीपक को हिरासत में ले लिया और उससे पूछताछ शुरू कर दी है। मामले के सामने आते ही बारात में जाने वाले लोग निराश और आश्चर्यचकित रह गए।

img 20251120 wa00314972263506974260341

इधर शशि कुमार के पिता ने साफ कहा कि उन्हें बेटे की पहली शादी के बारे में कोई जानकारी नहीं थी। उन्होंने कहा कि यदि उनके पुत्र ने शादी की है तो वे पहली पत्नी को स्वीकार करने और दूसरी शादी स्थगित करने के लिए तैयार हैं। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है। पीड़िता सुमन कुमारी ने न्याय की गुहार लगाई है और अधिकारियों से उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *