बिहपुर। रोज डे के साथ इजहार-ए-मुहब्बत का सप्ताह वैलेंटाइन वीक सात फरवरी से शुरू हो गया है। यह प्रेम सप्ताह 21 फरवरी को ब्रेकअप डे के साथ संपन्न होगा। इन दिनों खासकर युवा वर्ग अपने सबसे खास दिन वैलेंटाइन डे (14 फरवरी) को लेकर खासा उत्साहित नजर आ रहा है।
पश्चिमी देशों में प्रेम के इजहार के प्रतीक के रूप में मनाया जाने वाला वैलेंटाइन डे अब शहरों की सीमाएं पार कर ग्रामीण इलाकों तक अपनी पहुंच बना चुका है। बदलते दौर में बाजार में मिलने वाले पारंपरिक लव कार्ड की जगह इंटरनेट मीडिया और डिजिटल मैसेजिंग प्लेटफॉर्म ने काफी हद तक ले ली है, जहां युवा अपने जज्बातों का इजहार कर रहे हैं।
वैलेंटाइन वीक की शुरुआत सात फरवरी को रोज डे से हुई है। इसके बाद आठ फरवरी को प्रपोज डे, नौ फरवरी को चॉकलेट डे, दस को टेडी डे, 11 को प्रॉमिस डे, 12 को हग डे, 13 को किस डे और 14 फरवरी को वैलेंटाइन डे मनाया जाएगा। इसके बाद 15 से 21 फरवरी तक एंटी-वैलेंटाइन वीक के तहत अलग-अलग दिवस मनाए जाएंगे।
बाजारों में गुलाब, गिफ्ट आइटम और चॉकलेट की मांग बढ़ने लगी है, वहीं सोशल मीडिया पर भी वैलेंटाइन वीक को लेकर पोस्ट और संदेशों की बाढ़ देखी जा रही है। प्रेम के इस सप्ताह ने एक बार फिर युवाओं के दिलों में खास जगह बना ली है।

