नवगछिया में रविवार का दिन खेल, गौरव और होली के रंगों से सराबोर रहा। नवगछिया पुलिस जिला बाल बैडमिंटन संघ के संयोजन में खरीक प्रखंड के नवादा स्थित आदर्श सर्वोदय विद्या मंदिर से अंतरराष्ट्रीय चैंपियन खिलाड़ियों का भव्य रोड शो निकाला गया। सड़कें तालियों की गूंज से भर उठीं और खिलाड़ियों पर फूलों की वर्षा कर उनका अभिनंदन किया गया।
राज्य प्रवक्ता सह जिला सचिव ज्ञानदेव कुमार ने बताया कि हाल ही में इंडोनेशिया-भारत बाल बैडमिंटन टेस्ट श्रृंखला में इंडोनेशिया के बाली शहर में 3:0 से ऐतिहासिक जीत दर्ज करने वाली भारतीय टीम के खिलाड़ी बिहपुर के विक्रमपुर निवासी सूरज कुमार इस रोड शो के मुख्य आकर्षण रहे।
वहीं 2025 में पटना में आयोजित चार देशीय श्रृंखला में नेपाल, श्रीलंका और भूटान को पराजित कर चैंपियन बनी टीम की नवगछिया की बेटी प्रज्ञा भारती का भी जोरदार स्वागत किया गया।
इसके साथ 2019 में मोतिहारी में इंडोनेशिया को 3:0 से हराने वाले खिलाड़ी अंकित कुमार शर्मा और इसी वर्ष नेपाल में टेस्ट श्रृंखला में 3:0 से जीत दिलाने वाले खिलाड़ी राहुल कुमार को भी सम्मानित किया गया।
होली मिलन समारोह के दौरान खिलाड़ियों को गुलाल लगाकर शुभकामनाएं दी गईं। पूर्व अध्यक्ष राजीव रंजन उर्फ घंटू सिंह, विद्यालय निदेशक राजेश कुमार रवि समेत कई गणमान्य लोगों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
नवगछिया की धरती पर निकला यह रोड शो केवल सम्मान नहीं, बल्कि नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा का उत्सव बन गया—यह संदेश देते हुए कि छोटे शहरों से निकलकर भी विश्व मंच पर भारत का तिरंगा लहराया जा सकता है।


