श्रवण आकाश, खगड़िया. परबत्ता विधानसभा चुनाव में जहां एक ओर सियासी दलों के बड़े नेता जनसभाओं और रोड शो के जरिए मतदाताओं को लुभाने में जुटे हैं, वहीं दूसरी ओर राजद प्रत्याशी डॉ. संजीव कुमार के समर्थन में महिलाओं की सक्रियता ने चुनावी माहौल को नया रंग दे दिया है। डॉ. संजीव कुार के नेतृत्व में गठित महिला टीम ने जनसंपर्क अभियान की कमान अपने हाथों में ले ली है। शनिवार को परबत्ता प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न पंचायतों, वार्डों और टोला-मोहल्लों में अर्चिता प्रकाश अपनी महिला टीम के साथ घर-घर पहुंचीं। खेतों की पगडंडियों से लेकर गलियों तक महिलाओं का यह जत्था लोगों से सीधे संवाद स्थापित कर रहा है। महिलाएं हाथ जोड़कर जनता से अपील कर रही हैं कि विकास, शिक्षा और स्वास्थ्य के मुद्दों पर विचार करते हुए “लालटेन” छाप पर बटन दबाकर डॉ. संजीव कुमार को विजयी बनाएं।

पुछताछ में अर्चिता प्रकाश ने कहा कि यह चुनाव केवल किसी व्यक्ति विशेष का नहीं, बल्कि परबत्ता के सम्मान, सुरक्षा और समृद्धि का चुनाव है। उन्होंने कहा, “डॉ. संजीव कुमार ने अपने पिछले कार्यकाल में आम लोगों की निःस्वार्थ सेवा की है, अब जनता के सहयोग से वह परबत्ता की आवाज विधानसभा में बुलंद करेंगे।” महिला टीम के सदस्याओं में उल्लेखनीय रूप से एनिमा सिंह आदि जैसी कार्यकर्ता भी शामिल हैं, जो घर-घर जाकर मतदाताओं से मिल रही हैं। महिलाएं न केवल मौखिक रूप से अपील कर रही हैं, बल्कि तकनीकी माध्यमों का भी पूरा इस्तेमाल कर रही हैं। कई महिलाएं मोबाइल फोन और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए भी वोट मांगने का अभियान चला रही हैं। गांवों के चौराहे, खेत किनारों और बाजारों में लालटेन समर्थक नारों की गूंज सुनाई देने लगी है। “परबत्ता का बेटा, जनता का सेवक” और “विकास की राह, लालटेन के साथ” जैसे नारे मतदाताओं को आकर्षित कर रहे हैं। अन्य राजनीतिक दलों की तुलना में यह पहल काफी अनोखी मानी जा रही है।

जहां अधिकांश दलों का ध्यान पारंपरिक जनसभाओं और पुरुष प्रधान प्रचार पर केंद्रित है, वहीं राजद प्रत्याशी के समर्थन में महिला शक्ति के इस जनसंपर्क अभियान ने नया आयाम स्थापित कर दिया है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह कदम विपक्षी दलों पर भारी पड़ सकता है, क्योंकि परबत्ता विधानसभा क्षेत्र में महिला मतदाताओं की संख्या पुरुषों से अधिक है और उनकी भूमिका इस चुनाव में निर्णायक साबित हो सकती है। स्थानीय ग्रामीण सोनी कुमारी, जानकी देवी ने कहा, “पहली बार देखा जा रहा है कि महिलाएं इतनी सक्रियता से चुनाव प्रचार में उतर रही हैं। इससे समाज में जागरूकता का संदेश जा रहा है।” वहीं, युवा मतदाताओं ने भी इस अभियान की तारीफ करते हुए कहा कि महिलाओं की भागीदारी से राजनीति में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।

सूत्रों के अनुसार, आने वाले दिनों में यह महिला टीम पूरे विधानसभा क्षेत्र में डोर-टू-डोर संपर्क अभियान को और तेज करेगी। वहीं, अर्चिता प्रकाश ने बताया कि उनकी टीम का उद्देश्य केवल वोट मांगना नहीं, बल्कि लोगों को अपने अधिकारों और जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करना भी है।
परबत्ता की गलियों में अब चुनावी सरगर्मी अपने चरम पर है। लालटेन का प्रतीक लिए महिलाएं जब गली-गली घूमती हैं, तो बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक उनसे जुड़ते नजर आते हैं। ऐसा लग रहा है मानो इस बार परबत्ता में महिला शक्ति ने “लालटेन” की लौ को और भी प्रज्वलित कर दिया हो — और यह अनोखी पहल विपक्ष के लिए चुनौती साबित हो सकती है।

