भागलपुर

शिक्षा, संस्कृति और सम्मान का संगम – सोनवर्षा कन्या इंटर कॉलेज में हुआ भव्य प्रवेशोत्सव

सोनवर्षा प्रखंड के कन्या इंटर कॉलेज परिसर में शिक्षा संवाद सह प्रवेशोत्सव कार्यक्रम बड़े ही हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे तिलका मांझी विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. अवध किशोर राय ने कहा कि समाज में सच्चा परिवर्तन बच्चों के सांस्कृतिक और शैक्षिक उत्थान से ही संभव है। उन्होंने विद्यालय प्रांगण में बॉटनिकल गार्डन निर्माण हेतु समस्त पौधे उपलब्ध कराने की घोषणा की।

कार्यक्रम की शुरुआत अंकिता कुमारी द्वारा प्रस्तुत “वर दे वीणा वादिनी वर दे” जैसे प्रेरणादायी गीत से हुई, जिसने माहौल को सरस और भावविभोर कर दिया। इसके बाद बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सबका मन मोह लिया।

मैट्रिक परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं – सोनी कुमारी (440 अंक), स्वाति कुमारी (425 अंक) और बन्दना कुमारी (417 अंक) को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। वहीं इंटरमीडिएट में विज्ञान वर्ग की अंकिता कुमारी (325), अनिषा कुमारी (322), एफ्फट खातून (315) और कला वर्ग की पूजा कुमारी (367), अन्नु कुमारी (358), सोनी कुमारी (355) को भी मंच पर सम्मान मिला।

विद्यालय की समस्याओं पर चिंता व्यक्त करते हुए शिक्षा प्रेमी राजेश कुमार ने कहा कि कमरों की भारी कमी के कारण बच्चों को बरामदों में पढ़ना पड़ता है, बावजूद इसके विद्यालय का प्रदर्शन प्रशंसनीय है। जिला पार्षद सदस्य मोईन राईन ने जल्द ही विद्यालय में एक पुस्तकालय निर्माण का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर माध्यमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष शंकर कुमार, सचिव डॉ. कुमार चंदन, कन्या मध्य विद्यालय और इंटर कॉलेज के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं और उनके अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में प्रभारी प्राचार्य निर्पेश कुमार ने सभी अतिथियों का आभार प्रकट किया।

(यह आयोजन न केवल शिक्षा का उत्सव था, बल्कि छात्राओं के आत्मविश्वास और प्रतिभा का सार्थक मंच भी बना।)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button