देश

नवगछिया हाई अलर्ट पर: छात्र आंदोलन के मद्देनजर पुलिस का फ्लैग मार्च, 60 से अधिक जवानों ने संभाला मोर्चा

नवगछिया | NEET पेपर लीक मामले और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर चल रहे छात्र आंदोलन के बीच नवगछिया पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गई है। संभावित प्रदर्शन और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से शुक्रवार को एसडीपीओ अनिकेत अमर के नेतृत्व में शहर के विभिन्न हिस्सों में फ्लैग मार्च निकाला गया। पुलिस ने आम लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की।
फ्लैग मार्च की शुरुआत नवगछिया थाना परिसर से हुई। इसके बाद पुलिस दल अनुमंडल अस्पताल चौक, गौशाला चौक, महाराज जी चौक, वैशाली चौक, स्टेशन रोड, मिल टोला, एसपी कोठी होते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग-31 के रास्ते तेतरी तक पहुंचा। इस दौरान अधिकारियों ने पूरे रूट पर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया और संवेदनशील स्थानों का जायजा लिया।
मार्च में नवगछिया सर्किल इंस्पेक्टर श्याम नंदन यादव, थाना की गश्ती टीम तथा 60 से अधिक पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल रहे। अनुशासित तरीके से निकाले गए फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस ने लोगों को सुरक्षा और शांति का संदेश दिया तथा किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि राज्य के विभिन्न जिलों में छात्र आंदोलन को देखते हुए नवगछिया में एहतियातन सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी बढ़ा दी गई है। संवेदनशील स्थानों पर विशेष नजर रखी जा रही है और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल पूरी तरह तैयार है।
प्रशासन ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि यदि कहीं कोई संदिग्ध गतिविधि या कानून-व्यवस्था से जुड़ी सूचना मिले तो उसकी जानकारी तत्काल पुलिस को दें। अधिकारियों के अनुसार फिलहाल नवगछिया में स्थिति पूरी तरह सामान्य और नियंत्रण में है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button