गंगा में नाव पलटने से मृत सिकंदर-बादल के परिजनों को 75-75 हजार की मदद, सरकारी नौकरी की मांग
खरीक के काजीकौरिया-राघोपुर मार्जिनल बांध पर नाव हादसे में मृत सिकंदर मंडल और बादल कुमार मंडल के परिजनों को गंगोत्री महासभा ने 75-75 हजार रुपये की सहायता दी।

भागलपुर। खरीक प्रखंड के काजीकौरिया-राघोपुर मार्जिनल बांध पर फ्लड फाइटिंग कार्य के दौरान गंगा नदी में नाव पलटने की दुखद घटना में जान गंवाने वाले सिकंदर मंडल और बादल कुमार मंडल के परिजनों से अखिल भारतीय गंगोत्री महासभा के पदाधिकारियों ने मुलाकात की। महासभा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सुश्री अर्पणा कुमारी के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने दोनों पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी।
महासभा ने समाज के सहयोग से दोनों परिवारों को 75-75 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की। इसके अलावा परिवारों की तत्काल जरूरतों को देखते हुए राशन और खाद्य सामग्री भी उपलब्ध कराई गई।
इस मौके पर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अर्पणा कुमारी ने कहा कि दोनों परिवारों ने अपने परिजनों को खोकर अपूरणीय क्षति झेली है। ऐसे कठिन समय में अखिल भारतीय गंगोत्री महासभा पीड़ित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने कहा कि परिवारों को भविष्य में भी हरसंभव सहयोग दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से मिलने वाली मुआवजा राशि और अन्य अनुमन्य सरकारी सहायता दिलाने के लिए भी महासभा सहयोग करेगी। साथ ही राज्य सरकार से मांग की गई कि दोनों मृतकों के परिवारों की आर्थिक स्थिति को देखते हुए परिवार के एक-एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए, ताकि उनके सामने उत्पन्न आजीविका के संकट को कम किया जा सके।
महासभा ने यह भी मांग की कि घटना में सिकंदर मंडल की नाव भी गंगा नदी में समा गई, इसलिए सरकार मृतक के परिवार को नाव के नुकसान का भी उचित मुआवजा दे।
महासभा के पदाधिकारियों ने कहा कि आपदा और विपरीत परिस्थितियों में जरूरतमंद परिवारों के साथ खड़ा होना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसी भावना के तहत दोनों पीड़ित परिवारों की सहायता की गई है।
कार्यक्रम में महासभा के कोषाध्यक्ष सिंटी कुमार, कार्यकारिणी सदस्य कृष्णकांत किंकर मंडल, सदानंद शर्मा, रंजीत प्रसाद शर्मा, उदयकांत मंडल, मनोज कुमार मंडल, पीताम्बर कुमार, अभिषेक अरनब, नवरत्न मंडल उर्फ टुन मुखिया, प्रशांत गंगोत्री, भानु प्रताप, राकेश कुमार, कारेलाल मंडल, मिथुन कुमार, संदीप कुमार, रामकृष्ण मंडल और दिलीप मंडल सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।



