भागलपुर

मिलकी में कुत्तों का कहर: खेल रहे मासूम पर झुंड ने बोला हमला, नोंच ली नाक

बिहपुर प्रखंड के बिहपुर पूरब पंचायत के मिलकी वार्ड नंबर 11 से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां गली के आवारा कुत्तों के झुंड ने एक मासूम बच्चे पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। बताया जा रहा है कि 10 वर्षीय बालक सद्दाम हुसैन, पिता मु. तंजीर, अपने घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान अचानक आवारा कुत्तों का झुंड उस पर टूट पड़ा।

कुत्तों ने बच्चे के पूरे शरीर को काटकर बुरी तरह से घायल कर दिया। एक कुत्ते ने तो बालक की नाक ही नोंच ली, जिससे वह बुरी तरह लहूलुहान हो गया। बच्चे की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़े और किसी तरह उसे कुत्तों के चंगुल से छुड़ाया।

बच्चे की गंभीर स्थिति को देखते हुए परिजनों ने उसे तुरंत बिहपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद चिकित्सकों ने उसे बेहतर चिकित्सा के लिए जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल, भागलपुर रेफर कर दिया।

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि टोले में लंबे समय से आवारा कुत्तों का आतंक है, जिससे लोग दहशत में हैं। बच्चों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि वे तत्काल इन कुत्तों को पकड़वाकर क्षेत्र को सुरक्षित बनाएं, ताकि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button