भागलपुर

24 घंटे में मिला 8 लाख का मुआवजा, सड़क हादसे में जान गंवाने वाले दो मासूमों के परिजनों को प्रशासन ने दी सहायता

भागलपुर। नारायणपुर प्रखंड के भवानीपुर थाना क्षेत्र में एनएच-31 किनारे हुए दर्दनाक सड़क हादसे में जान गंवाने वाले दो मासूम बच्चों के परिजनों को जिला प्रशासन ने महज 24 घंटे के भीतर 8 लाख रुपये की अनुग्रह सहायता राशि उपलब्ध करा दी।

 

जानकारी के अनुसार, 3 जुलाई की सुबह करीब 7:30 बजे एक तेज रफ्तार अनियंत्रित हाइवा सड़क किनारे बनी झोपड़ी पर पलट गया। हादसे में एक ही परिवार के दो बच्चों—4 वर्षीय राधा कुमारी तथा 3 वर्षीय बबलू कुमार उर्फ अंकुश कुमार—की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

 

घटना के बाद जिला प्रशासन और जिला आपदा प्रबंधन शाखा ने त्वरित कार्रवाई करते हुए राहत प्रक्रिया शुरू की। जिलाधिकारी के निर्देश पर 4 जुलाई को मृतक बच्चों के पिता गुड्डू डोम, निवासी चकरामी, थाना नारायणपुर, को प्रति मृतक 4 लाख रुपये की दर से कुल 8 लाख रुपये की अनुग्रह सहायता राशि का चेक सौंपा गया।

 

चेक का वितरण अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) एवं सहायक आपदा प्रबंधन पदाधिकारी की उपस्थिति में किया गया। प्रशासन ने कहा कि पीड़ित परिवार को नियमानुसार शीघ्र राहत उपलब्ध कराने की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button