बैकठपुर दुधेला गोपालपुर गांव में आग लगने से एक दर्जन घर जलाकर राख, लाखो की संपत्ति जलकर खाक ।
- सीओ ने अग्निपीड़ितों को 98 सौ रूपीए का चेक प्रदान किया
नवगछिया। नारायणपुर प्रखंड के गंगा पार बैकठपुर दुधेला पंचायत के गोपालपुर गाँव के बलवा टोला में शुक्रवार की सुबह करीब 6 बजे स्थानीय मजदूर सिंहेश्वर मंडल के फूंस के घर मे अचानक आग लग गई। बताया जा रहा है कि आसमान छूती आग की लपटों ने हवा की गति से बगल के एक दर्जन फूंस के घरों को अपनी चपेट में ले लिया। इस आगलग्गी कि घटना में एक दर्जन गरीब मजदूरों के फूंस का घर पूरी तरह जलकर खाक हो गया। आग लगते ही बांस-बल्ली चटककर आवाज करते हुए दूर तक हवा में इधर-उधर बिखरने लगे। आसमान में उठती आग की लपटों को देखकर ग्रामीण घर से बाहर निकले। इस दौरान अफरातफरी का माहौल बना हुआ था। आग की जद में आने के डर से काफी देर तक लोग आग बुझा नहीं पाए और आग बुझाने का प्रयास जब शुरू किया तो काफी देर हो चुकी थी। आग बुझाने का प्रयास नदी औऱ चापाकल के सहारे किया जा रहा था। तब तक सब कुछ जलकर राख में बदल चुका था। घटना में एक बच्ची समेत बचाने गए युवक औऱ एक महिला झुलसकर जख्मी हो हुआ है। बताया जा रहा है कि घर के बगल में ही आग सेंकने के लिए घूर लगाया गया था। हवा तेज होने की वजह से आग की चिंगारी फूंस के घर मे पकड़ लिया जिससे हादसा हो गया। आग से सभी के घर मे रखा अनाज, कपड़ा, जेवर, फर्नीचर, बर्तन समेत नकदी आग की भेंट चढ़ गया। एक मोटरसाइकिल और उर्वरक खाद्द भी जलने की बात कही जा रही है। घटना के बाद से सभी अग्निपीड़ित दहाड़ मारकर रो रहे हैं। अग्निपीड़ितों को अब ये डर सताने लगा है कि इस कड़ाके की ठंड में बच्चों और परिवार को लेकर कहाँ पनाह लेंगे। घटना से सभी मर्माहत है। ठिठुरती ठंड में सभी बेघर होने की बात सोचकर फुट-फुटकर रोते हैं।

- ग्रामीण युवक सिंटू ने जान पर खेलकर बचाया दो बच्चे की जान
मिली जानकारी के अनुसार घटना सुबह 6 बजे स्थानीय मजदूर सिहेंश्वर मंडल के फूंस के घर मे अचानक आग लग गई। घर के अंदर सिहेंश्वर मंडल का पोता रितेश कुमार 5 वर्ष और पोती ममता कुमारी 2 वर्ष सोया हुआ था। बताया की घटना के वक्त घर मे कोई नही था। सिहेंश्वर मंडल घर के बाहर कुछ दूरी पर आग सेक रहा था। तभी टटिया से आग घर मे रखे खटिया में पकड़ लिया। वही आग की ताप से रितेश की नींद खुल गई। रितेश ने दौड़कर चिल्लाते हुए अपने दादा सिहेंश्वर मंडल को बताया लेकिन एक पांव से दिव्यांग सिहेंश्वर मंडल ने बच्ची को बचाने का प्रयास किया लेकिन असफल रहे। वही हल्ला सुनकर पड़ोस के सिंटू कुमार ने जान पर खेलकर आग में घुसकर ममता को बाहर निकालकर जान बचाया। इस दौरान सिंटू और पूसो देवी आग से झुलसकर जख्मी हो गया। दोनो के सहयोग से भाई बहन को बचा लिया गया। घटना में लाखों का नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
- इन लोगो के जले घर: अग्निपीड़ितों में राजेश मंडल, कुशा देवी, प्रमोद मंडल, राकेश मंडल, ज्ञानी मंडल, सिहेंश्वर मंडल, रुदल मंडल, चंद्रशेखर मंडल, उदय मंडल, रंजीत यादव और रोहित मंडल शामिल है। सभी को खाने के सामान अनाज, कपड़े, जमा-पुंजी आदि सबकुछ जलकर राख में बदल गया। देखते-देखते कड़ाके की ठंड में खुले आसमान के नीचे पीड़ित परिवार आ गया। गरीब परिवार का लाखो का नुकसान हो गया। आग लगने से पीड़ित परिवार के सामने खाने-पीने के साथ-साथ रहने की विकट समस्या हो गई है। अधिकांश पीड़ित परदेश में रहकर मजदूरी करते हैं। घटना में लाखों का नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
- सीओ ने अग्निपीड़ितों को दिया 98 सौ का चेक
इधर नारायणपुर सीओ अजय कुमार सरकार ने मुखिया अरविंद मंडल के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर पीड़ित परिवार से मिले। वही मुखिया अरविंद मंडल ने तत्काल चुरा, शक्कर और पालस्टिक सीट पीड़ित परिवार को मुहैया करा दिया है। वही सीओ अजय सरकार ने 98 सौ रुपिया का चेक तथा कंबल सभी अग्निपीड़ितों को प्रदान किया।