बिहपुर (भागलपुर) – मंगलवार को कांग्रेस भवन बिहपुर में भारत के प्रथम प्रधानमंत्री स्वर्गीय पंडित जवाहरलाल नेहरू की 62वीं पुण्यतिथि पर एक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। सभा की अध्यक्षता प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष मोहम्मद इरफान आलम ने की, जबकि संचालन वरिष्ठ कांग्रेस नेता शिवशंकर चौधरी ने किया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता, कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित हुए। सभी ने पंडित नेहरू के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके जीवन दर्शन, आदर्शों और कृतित्व को याद किया।
अपने संबोधन में प्रखंड अध्यक्ष मोहम्मद इरफान आलम ने कहा कि पंडित नेहरू न केवल स्वतंत्र भारत के निर्माता थे, बल्कि उन्होंने लोकतंत्र, वैज्ञानिक सोच, समाजवाद और धर्मनिरपेक्षता की नींव रखी। उन्होंने कहा कि आज जब देश विविध सामाजिक-राजनीतिक चुनौतियों से जूझ रहा है, तब नेहरू जी के विचार और दृष्टिकोण और भी अधिक प्रासंगिक हो जाते हैं।
इस अवसर पर बिहपुर विधानसभा युवा कांग्रेस अध्यक्ष मोहम्मद आरिफ रजा सहित कई युवा नेताओं ने भी अपने विचार रखे और नेहरू जी को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि युवाओं को नेहरू जी के आदर्शों से प्रेरणा लेकर देश के विकास में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
कार्यक्रम में अमरजीत सिंह, राशिद आलम, दिनेश यादव, नूर हसन, अनिल पासवान, सहित दर्जनों कार्यकर्ता उपस्थित थे। सभी ने एक सुर में कहा कि नेहरू जी का योगदान भारतीय इतिहास में अमिट है और आने वाली पीढ़ियों को उनके विचारों से सीख लेनी चाहिए।
श्रद्धांजलि सभा के अंत में मौन धारण कर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई।