भागलपुर

पूर्व IG शिवदीप लांडे ने कोशी साइंस क्लासेस में छात्रों को किया प्रेरित, कहा – “समर्पण ही सफलता की कुंजी”

पूर्व पुलिस महानिरीक्षक (IG) शिवदीप वामन राव लांडे ने रविवार को खगड़िया स्थित कोशी साइंस क्लासेस का दौरा किया, जहां उन्होंने संस्थान के शिक्षकों और छात्र-छात्राओं से मुलाकात कर उन्हें सफलता के सूत्र बताए और प्रेरित किया।

अपने संबोधन में शिवदीप लांडे ने छात्रों से कहा कि यदि कोई भी व्यक्ति अपने लक्ष्य की प्राप्ति के लिए मजबूती और निरंतरता के साथ प्रयास करता है, तो सफलता अवश्य मिलती है। उन्होंने कहा कि जीवन में किसी भी क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए “समर्पित भाव से कार्य करना” ही सफलता का मूल मंत्र है।

छात्रों के सवालों का जवाब देते हुए उन्होंने युवाओं को न केवल शिक्षा, खेल या प्रशासनिक सेवाओं में बल्कि राजनीति जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्र में भी आने की अपील की। उन्होंने कहा कि जब योग्य और ईमानदार लोग राजनीति में आएंगे, तभी अच्छे कानून बनेंगे और उनका सही तरीके से पालन भी हो सकेगा।

उन्होंने खगड़िया की जनता का भी आभार प्रकट किया और कहा कि यहां के लोगों की आत्मीयता और गर्मजोशी उन्हें हमेशा याद रहेगी।

इस अवसर पर कोशी साइंस क्लासेस के मैनेजिंग डायरेक्टर ज्योतिष कुमार, शिक्षक नेता मनीष कुमार सिंह, आर्किटेक्ट शुभम कुमार, सुमित कुमार, गुलशन कुमार, हरिशंकर राय, राजेश कुमार सहित कई शिक्षक और गणमान्य लोग उपस्थित थे। सभी ने मिलकर शिवदीप लांडे का स्वागत किया और उन्हें संस्थान में आकर छात्रों को प्रेरित करने के लिए धन्यवाद दिया।

कार्यक्रम के अंत में छात्रों ने भी उत्साहपूर्वक अपने अनुभव साझा किए और शिवदीप लांडे से मिली प्रेरणा को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button