भागलपुर

तेज रफ्तार का कहर :  NH -31 पर दर्दनाक हादसा, दो युवकों की मौत से पसरा मातम

बिहपुर। झंडापुर थाना क्षेत्र के दयालपुर चौक समीप एनएच-31 पर रविवार दोपहर करीब 1 बजे तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। एक बेलगाम ट्रक ने बाइक सवार दो युवकों को कुचल दिया, जिसमें एक की मौत घटनास्थल पर ही हो गई, जबकि दूसरे ने मायागंज अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में दम तोड़ दिया। हादसे के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
मृतकों की पहचान खरीक थाना क्षेत्र के तेलघी वार्ड संख्या-6 निवासी मनीष राय उर्फ बुल्ली (23 वर्ष) और तेलघी लंकाटोला वार्ड संख्या-2 निवासी विनीत कुमार (24 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों दोस्त बुलेट बाइक से जयरामपुर मैदान क्रिकेट मैच देखने गए थे। मैच खत्म होने के बाद घर लौटने के दौरान यह दर्दनाक हादसा हो गया।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नवगछिया की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने ओवरटेक करने की कोशिश में सामने से बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक चला रहे मनीष राय उर्फ बुल्ली की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल विनीत को आनन-फानन में मायागंज अस्पताल, भागलपुर ले जाया जा रहा था, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसने रास्ते में दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही झंडापुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल नवगछिया भेजा। दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त कर लिया गया है, हालांकि चालक मौके से फरार हो गया।


हादसे की खबर मिलते ही दोनों युवकों के घरों में कोहराम मच गया। मनीष दो भाइयों और एक बहन में दूसरे नंबर पर था और इंटर का छात्र था। उसके पिता खेतीबाड़ी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। वहीं विनीत दो भाइयों और दो बहनों में सबसे बड़ा था और ग्रेजुएशन की पढ़ाई कर रहा था। उसके पिता भी किसान हैं। मां काजल देवी समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


झंडापुर थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार ने बताया कि ट्रक को जब्त कर लिया गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। यातायात थाना नवगछिया में आवेदन की प्रक्रिया जारी है और मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
तेज रफ्तार की यह लापरवाही दो घरों के चिराग बुझा गई। इलाके में शोक की लहर है और लोगों ने एनएच-31 पर सख्त ट्रैफिक नियंत्रण की मांग की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button