भागलपुर

अमरपुर में आज विराजेंगे अमरेश्वर महादेव, शिवभक्ति से सराबोर हुआ गांव

बिहपुर प्रखंड के अमरपुर गांव में आज आस्था का महासंगम देखने को मिलेगा। भव्य आयोजन के बीच अमरेश्वर महादेव की स्थापना के साथ माता पार्वती, काल भैरव और नंदी महाराज की प्रतिमाएं विधि-विधान से तय स्थान पर विराजमान होंगी। पूरे गांव में “हर-हर महादेव” के जयकारों से वातावरण गूंज रहा है।
वैदिक मंत्रों से गूंजा यज्ञ मंडप
मंदिर परिसर में चल रहे प्राण-प्रतिष्ठा महायज्ञ के तीसरे दिन काशी से पधारे केशव गुरूजी महाराज के नेतृत्व में पांच सदस्यीय विद्वान पंडितों ने पंचरत्न, पंचधातु, पंचगव्य, पंचामृत, औषधीय एवं सर्वोषधीय जल सहित विभिन्न पवित्र तीर्थों के जल से प्रतिमाओं का अभिषेक कराया। वैदिक मंत्रोच्चार और शंखनाद से पूरा क्षेत्र आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत हो उठा।


प्रतिमाएं होंगी स्थापित
आज शनिवार को शिवलिंग, माता पार्वती, कुमार कार्तिकेय, श्री गणेश, नंदी महाराज एवं काल भैरव की प्रतिमाएं मंदिर के गर्भगृह में स्थापित की जाएंगी। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ सुबह से ही यज्ञ मंडप में उमड़ रही है।


आयोजन समिति की तैयारी
आयोजन समिति के अध्यक्ष राजीव सनगही , सचिव जयप्रकाश सनगही एवं कोषाध्यक्ष संजय कुमार चौधरी ने बताया कि दो मार्च को हवन की पूर्णाहुति के साथ इस धार्मिक अनुष्ठान का विधिवत समापन होगा।
उन्होंने कहा कि “यह केवल मंदिर स्थापना नहीं, बल्कि गांव की आध्यात्मिक एकता और सांस्कृतिक चेतना का महापर्व है।”
इस दौरान राकेश शर्मा, आशीष शर्मा, बबलू सनगही, मनोज चौधरी, संजीव उर्फ बंटी, विलाट पंडित व घौलू पंडित सहित सैकड़ों श्रद्धालु आयोजन को सफल बनाने में जुटे हैं।
भक्ति में डूबा अमरपुर
प्राण-प्रतिष्ठा के इस ऐतिहासिक आयोजन ने अमरपुर को मानो काशी का रूप दे दिया है। धूप-दीप, हवन-कुंड की अग्नि और गूंजते वैदिक मंत्रों के बीच पूरा इलाका भक्तिमय वातावरण में सराबोर है।
अमरपुर में आज का दिन आस्था, उत्साह और आध्यात्मिक ऊर्जा का अद्भुत संगम बन गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button