वार्ड पार्षद ने फौजी पर फोन पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का लगाया आरोप, फौजी ने आरोपों को बताया गलत
नवगछिया। नवगछिया पुलिस जिला के टाउन थाना क्षेत्र में नगर परिषद की वार्ड संख्या-12 की पार्षद नगमा खातून और फौजी फैयाज खान के बीच आरोप-प्रत्यारोप का मामला सामने आया है। वार्ड पार्षद नगमा खातून और उनके पति मो. निहाल खान ने फैयाज खान पर फोन के जरिए गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
मामले को लेकर पार्षद ने नवगछिया एसपी वैभव शर्मा एवं साइबर थाना में लिखित शिकायत देकर मामले की जांच, कानूनी कार्रवाई और परिवार की सुरक्षा की मांग की है।
शिकायत के मुताबिक, 10 सितंबर 2026 की रात करीब 9:30 बजे उनके मोबाइल पर एक नंबर से फोन आया। आरोप है कि कॉल करने वाले ने गाली-गलौज करते हुए कोर्ट में फंसा देने की धमकी दी। शिकायत में उनके पुत्र को जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। पार्षद का दावा है कि इससे पहले भी उनके पति के मोबाइल पर व्हाट्सऐप के जरिए धमकी दी गई थी और बातचीत की रिकॉर्डिंग उनके पास मौजूद है।
फौजी ने आरोपों से किया इनकार
वहीं, फौजी फैयाज खान ने वार्ड पार्षद और उनके पति द्वारा लगाए गए आरोपों को गलत बताया है। फैयाज खान का कहना है कि उन्होंने गांव में कथित तौर पर बिना लाइसेंस मांस बेचने का विरोध किया था। उनका आरोप है कि विरोध करने के बाद उन्हें ही फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी दी जा रही थी।
दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे पर आरोप लगाए जाने के बाद मामला पुलिस के पास पहुंच गया है। अब पुलिस जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि फोन पर धमकी और गाली-गलौज के आरोपों में कितनी सच्चाई है।
नोट: दोनों पक्षों द्वारा लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। इंक़लाब इंडिया किसी भी वायरल/रिकॉर्डिंग अथवा आरोप की स्वतंत्र पुष्टि नहीं करता।

