भागलपुर

नवगछिया समेत अरवल और बगहा में गृह रक्षा वाहिनी की बहाली नहीं, जानें वजह

भागलपुर, 01 अप्रैल 2025: बिहार में गृह रक्षा वाहिनी (होमगार्ड) के 15,000 पदों पर बहाली के लिए 27 मार्च 2025 से पंजीकरण प्रक्रिया जारी है, जो 16 अप्रैल 2025 तक चलेगी। हालांकि, नवगछिया, अरवल और बगहा पुलिस जिला के अभ्यर्थियों को इस प्रक्रिया में शामिल होने का अवसर नहीं मिलेगा।

भागलपुर गृह रक्षा वाहिनी के वरीय समादेष्टा हरेंद्र कुमार सिंह ने स्पष्ट किया कि इन तीनों पुलिस जिलों में वर्तमान में कोई रिक्ति उपलब्ध नहीं है, इसलिए गृह रक्षा वाहिनी एवं अग्निशमन सेवाएं, बिहार ने इन जिलों के लिए भर्ती का विज्ञापन जारी नहीं किया।

विशेष रूप से नवगछिया पुलिस जिला में स्वीकृत बल की संख्या 200 है, जबकि वर्तमान में 301 गृह रक्षक कार्यरत हैं। यही स्थिति अरवल और बगहा पुलिस जिला की भी है, जहां स्वीकृत संख्या पहले से ही पूर्ण है या उससे अधिक बल तैनात हैं।

इस कारण इन तीनों जिलों के अभ्यर्थी इस बार की बहाली प्रक्रिया में भाग नहीं ले सकेंगे। यह जानकारी संयुक्त निदेशक, जनसंपर्क, भागलपुर द्वारा प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button