श्रावणी मेला की व्यवस्थाओं पर डीएम सख्त, निरीक्षण के बाद पांच अधिकारियों से जवाब तलब

भागलपुर। श्रावणी मेला-2026 की तैयारियों का जायजा लेने के लिए गुरुवार को जिलाधिकारी ने वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) समेत प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के साथ सुल्तानगंज मेला क्षेत्र का व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, बैरिकेडिंग, यातायात प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधाओं की समीक्षा की गई। निरीक्षण में लापरवाही सामने आने पर पांच अधिकारियों से 24 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण मांगा गया है।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने नमामि गंगे घाट, बरारी पुल घाट, एसएम कॉलेज, सीढ़ी घाट, बूढ़ानाथ घाट, रेलवे स्टेशन, ड्रॉप गेट और विभिन्न बैरिकेडिंग स्थलों का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रतिनियुक्त अधिकारियों को अपने दायित्व पूरी जिम्मेदारी और समन्वय के साथ निभाने का निर्देश दिया।
जांच के दौरान नमामि गंगे घाट पर निर्धारित 80 चौकीदारों के स्थान पर करीब 250 चौकीदारों की मौजूदगी पाई गई। वहीं रेलवे स्टेशन और आरओबी के समीप बनाए गए ड्रॉप गेट व बैरिकेडिंग स्थल पर प्रतिनियुक्त अधिकारी अनुपस्थित मिले। कुछ अन्य स्थानों पर भी अधिकारी बिना किसी प्रतिस्थानी के ड्यूटी छोड़कर गए पाए गए।
इन अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने जिला योजना पदाधिकारी हेमलता कुमारी, सहायक निदेशक-सह-प्रभारी जिला कृषि पदाधिकारी, अंचल अधिकारी सुल्तानगंज, संचालक प्रबंधक विकास कुमार तथा प्रभारी प्रखंड उद्यान पदाधिकारी विशाल कुमार से 24 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया है। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
जिलाधिकारी ने कहा कि श्रावणी मेला में लाखों श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी विभागों को श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुचारु आवागमन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। जिला प्रशासन ने कहा है कि मेले की सभी व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा रही है ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और व्यवस्थित माहौल उपलब्ध कराया जा सके।



