भागलपुर

कटहल बाड़ी में तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से महिला की मौत, मायागंज अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम

भागलपुर। शहर में तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर देखने को मिला। कटहल बाड़ी के समीप सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल महिला की मायागंज अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतका की पहचान रामदुलारी देवी के रूप में बताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

बताया जा रहा है कि रामदुलारी देवी सड़क पार कर कूड़ा फेंकने जा रही थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार बाइक सवार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद महिला सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे में उनके दोनों पैर टूटने और पेट में गंभीर चोट लगने की बात सामने आई है।

घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए लोगों ने तत्काल उन्हें इलाज के लिए मायागंज अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज शुरू किया गया, लेकिन हालत गंभीर बनी रही। आखिरकार इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक को अपने पास रख लिया, जबकि बाइक सवार को बरारी थाना पुलिस अपने साथ थाने ले गई।

पुलिस मामले की जांच में जुटी है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और बाइक की रफ्तार कितनी थी, पुलिस इन बिंदुओं की जांच कर रही है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने शहर में तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही और पैदल राहगीरों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है।

एक सामान्य काम के लिए घर से निकली महिला की सड़क हादसे में मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button