46 वार्डों में सफाई व्यवस्था को लेकर नगर निगम की समीक्षा बैठक, लापरवाही पर सख्ती के निर्देश

सहरसा: नगर निगम क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर और प्रभावी बनाने को लेकर बुधवार को समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपनगर आयुक्त शाहिद रजक खान एवं स्वच्छता पदाधिकारी देवेंद्र प्रसाद मौजूद रहे। इस दौरान नगर निगम के सभी 46 वार्डों में सफाई व्यवस्था की समीक्षा करते हुए संबंधित कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में प्रत्येक वार्ड में डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, प्रमुख मार्गों की नियमित सफाई और समय पर कचरा उठाव सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। इसके लिए प्रत्येक वार्ड में टिप्पर वाहन भेजने की व्यवस्था को प्रभावी बनाने का निर्देश दिया गया। साथ ही सार्वजनिक शौचालयों की नियमित सफाई एवं बेहतर रखरखाव सुनिश्चित करने को कहा गया।
उपनगर आयुक्त शाहिद रजक खान ने सभी वार्ड सचिवों को निर्देश दिया कि वे सुबह 6 बजे से दोपहर 1 बजे तक सफाई कार्य में सक्रिय रूप से मौजूद रहकर निगरानी करें। उन्होंने कहा कि सफाई व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए तथा सभी वार्डों में नियमित रूप से कचरा उठाव सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में एम ऑफ पीपुल एजेंसी के निरीक्षक नित्यानंद किशोर सहित नगर निगम क्षेत्र के सभी 46 वार्डों के वार्ड सचिव एवं सुपरवाइजर उपस्थित रहे।



