नवगछिया पुलिस लाइन में दारोगा योगेश कुमार मृत मिले, पुलिस जांच में जुटी

भागलपुर । नवगछिया पुलिस लाइन में शनिवार सुबह एक पुलिस पदाधिकारी की आत्महत्या की घटना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान दारोगा योगेश कुमार के रूप में हुई है। उनका शव पुलिस लाइन स्थित सरकारी क्वार्टर में फंदे से लटका मिला।
हाल ही में जमादार से बने थे सब-इंस्पेक्टर
बताया जा रहा है कि योगेश कुमार मूल रूप से बांका जिले के बौंसी प्रखंड के बाराहाट क्षेत्र के रहने वाले थे। वे नवगछिया एसपी कार्यालय की अपराध शाखा में तैनात थे और पुलिस लाइन स्थित सरकारी क्वार्टर में रहते थे।
हाल ही में विभागीय पदोन्नति के तहत उनका जमादार से सब-इंस्पेक्टर पद पर प्रमोशन हुआ था। प्रमोशन के बाद नवगछिया एसपी वैभव शर्मा ने एक कार्यक्रम में उन्हें बैच पहनाकर सम्मानित भी किया था। प्रमोशन के कुछ ही समय बाद हुई इस घटना से पुलिस महकमे में शोक का माहौल है।
एसपी समेत वरीय अधिकारी पहुंचे मौके पर
घटना की सूचना मिलते ही नवगछिया एसपी वैभव शर्मा, एसडीपीओ सईम रजा और मुख्यालय डीएसपी समेत अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और कमरे को सुरक्षित कराते हुए बाहरी लोगों के प्रवेश पर रोक लगा दी।
FSL टीम ने जुटाए वैज्ञानिक साक्ष्य
घटना की जांच के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला (FSL) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से आवश्यक वैज्ञानिक साक्ष्य और फिंगरप्रिंट्स जुटाए हैं।
फिलहाल आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना के पीछे की परिस्थितियों का पता लगाने में जुटी है।



