शादी के अगले दिन प्रीतिभोज में दूल्हे की मौत, परिवार की खुशियां मातम में बदलीं

कटिहार: शादी के जश्न के बीच एक परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। प्रीतिभोज समारोह के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ने से पटना में क्लिनिक चलाने वाले आयुष चिकित्सक की मौत हो गई। शादी के महज एक दिन बाद हुई इस घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है।
मृतक की पहचान पोठिया थाना क्षेत्र के पोठिया गांव निवासी डॉ. पवन कुमार यादव के रूप में हुई है। उनकी शादी 25 नवंबर को हुई थी। अगले दिन यानी 26 नवंबर को घर पर प्रीतिभोज का आयोजन किया गया था, जिसमें रिश्तेदारों और परिचितों का जुटना जारी था।
प्रीतिभोज के दौरान अचानक बिगड़ी तबीयत
परिजनों के अनुसार, गुरुवार रात करीब 11:30 बजे प्रीतिभोज के दौरान डॉ. पवन कुमार यादव की अचानक तबीयत खराब हो गई। वह अचेत होकर गिर पड़े। मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और परिजन आनन-फानन में उन्हें फलका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे।
प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया। परिजन उन्हें लेकर रवाना हुए, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
पटना में चलाते थे क्लिनिक
डॉ. पवन कुमार यादव आयुष चिकित्सक थे और पटना में अपना क्लिनिक संचालित करते थे। शादी के बाद परिवार में नए जीवन की शुरुआत को लेकर काफी उत्साह था, लेकिन अचानक हुई इस मौत ने सारी खुशियों को मातम में बदल दिया। नवविवाहिता पत्नी और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
डीजे की तेज आवाज को लेकर चर्चा, कारण स्पष्ट नहीं
घटना के बाद प्रीतिभोज में बज रहे डीजे की तेज आवाज को लेकर भी स्थानीय स्तर पर चर्चाएं हो रही हैं। कुछ लोगों ने आशंका जताई है कि तेज आवाज के कारण उनकी तबीयत बिगड़ी होगी। हालांकि, मौत की वजह को लेकर अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
काढ़ागोला घाट पर हुआ अंतिम संस्कार
डॉ. पवन कुमार यादव तीन भाइयों में सबसे छोटे बताए जा रहे हैं। उनकी मौत की खबर से पोठिया गांव सहित आसपास के इलाकों में शोक की लहर दौड़ गई। परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए बरारी स्थित काढ़ागोला घाट ले गए। शादी के अगले ही दिन दूल्हे की मौत से गांव में मातम पसरा है।



