पीरपैंती में रबी महाअभियान-2026 का आयोजन, किसानों को वैज्ञानिक खेती अपनाने के लिए किया गया प्रेरित

भागलपुर । रबी फसल की बेहतर पैदावार और किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी देने के उद्देश्य से शनिवार को पीरपैंती स्थित ट्राइसेम भवन में रबी महाअभियान-2026 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, कृषि विभाग के अधिकारियों, कृषि वैज्ञानिकों और बड़ी संख्या में किसानों ने हिस्सा लिया।

कार्यक्रम के दौरान प्रखंड कृषि पदाधिकारी सुमन कुमार ने कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं, रबी फसलों के उत्पादन एवं उत्पादकता बढ़ाने के उपायों और किसानों के लिए संचालित सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। किसानों से गुणवत्तापूर्ण कृषि निवेश का इस्तेमाल करने और वैज्ञानिक पद्धति से खेती करने की अपील की गई।
बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर से पहुंचे कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को रबी फसलों की वैज्ञानिक खेती, उन्नत बीजों के उपयोग, मृदा स्वास्थ्य संरक्षण, संतुलित उर्वरक प्रबंधन और आधुनिक कृषि तकनीकों के बारे में जानकारी दी।
कार्यक्रम में विधायक मुरारी पासवान, प्रखंड प्रमुख रश्मि, 20 सूत्री कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति के अध्यक्ष हरेराम शर्मा, किसान सलाहकार समिति के अध्यक्ष सुनील, पैक्स अध्यक्ष, कृषि विभाग के कर्मी और अन्य जनप्रतिनिधि एवं किसान मौजूद रहे।
वक्ताओं ने किसानों से वैज्ञानिक कृषि तकनीकों के साथ प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने की अपील की। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक और प्राकृतिक कृषि पद्धतियों के बेहतर समन्वय से खेती की लागत कम करने, मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने और किसानों की आय बढ़ाने में मदद मिल सकती है।
रबी महाअभियान का उद्देश्य किसानों तक कृषि विभाग की योजनाओं और नई तकनीकी जानकारियों को पहुंचाना, रबी फसलों का उत्पादन बढ़ाना तथा किसानों को आधुनिक, टिकाऊ और लाभकारी कृषि पद्धतियों के प्रति जागरूक करना है।



