भागलपुर

कायाकल्प अभियान की समीक्षा: 4,857 कार्यों में 2,746 प्रशासनिक स्वीकृति के लिए लंबित, डीएम ने तेजी के दिए निर्देश

भागलपुर । भागलपुर में कायाकल्प अभियान के तहत चल रहे विभिन्न विभागों के कार्यों की प्रगति और बजट की जिला पदाधिकारी ने समीक्षा की। समीक्षा बैठक में तकनीकी एवं प्रशासनिक स्वीकृति, निर्माण कार्यों की स्थिति, लंबित योजनाओं और जीर्णोद्धार से जुड़े कार्यों की विस्तार से जानकारी ली गई।

बैठक में प्रस्तुत रिपोर्ट के अनुसार, कायाकल्प अभियान के तहत 9 विभागों के कुल 4,857 कार्य शामिल हैं। इन कार्यों के लिए 2,012.07 लाख रुपये से अधिक का बजट निर्धारित है। इनमें 1,604 कार्य तकनीकी स्वीकृति और 2,746 कार्य प्रशासनिक स्वीकृति के लिए लंबित हैं।

रिपोर्ट के मुताबिक, अब तक 91 कार्य स्वीकृत, 267 कार्य प्रगति पर हैं, जबकि 68 कार्य पूरे किए जा चुके हैं।

लंबित स्वीकृतियों में तेजी के निर्देश

जिला पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को तकनीकी और प्रशासनिक स्वीकृति की प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि स्वीकृति के अभाव में विकास कार्यों में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ लंबित मामलों का नियमानुसार जल्द निष्पादन सुनिश्चित करें।

उन्होंने जीर्णोद्धार और नवनिर्माण से जुड़े कार्यों की नियमित निगरानी करने तथा निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने को कहा। साथ ही, सभी योजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराने और उनकी प्रगति की नियमित समीक्षा करने का निर्देश दिया।

बैठक में डीडीसी, एडीएम, नगर आयुक्त, डीआरडीए एवं एनईपी के निदेशक, डीपीआरओ, जिला कल्याण पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, सीडीपीओ, सिविल सर्जन, कार्यपालक अभियंता पीएचईडी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी, बीडीओ, सीओ और अन्य संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button