भागलपुर

नशे की लत ने ली बेकसूर पिता की जान, मंझले बेटे ने चाकू से किया हमला – छोटे भाई की हालत नाजुक

नशे की लत ने ली बेकसूर पिता की जान, मंझले बेटे ने चाकू से किया हमला – छोटे भाई की हालत नाजुक

भागलपुर: एक दर्दनाक और सनसनीखेज वारदात में बेटे ने ही अपने पिता को मौत के घाट उतार दिया। खगड़िया के गोगरी थाना क्षेत्र के जमालपुर गांव से आई इस खबर ने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया है। पारिवारिक विवाद के चलते मंझले बेटे ने अपने छोटे भाई पर चाकू से हमला कर दिया और बीच-बचाव करने आए पिता की भी बेरहमी से हत्या कर दी।

मृतक परमानंद यादव एफसीआई में कार्यरत थे। तीन बेटों का यह परिवार पहले खुशहाल माना जाता था। बड़ा बेटा टोटो चलाकर परिवार में सहयोग करता था, छोटा बेटा दिहाड़ी मजदूरी करता था, लेकिन मंझला बेटा सार्जन कुमार नशे की लत में डूबा था और आए दिन घर में कलह करता रहता था।

घटना 2 अप्रैल की दोपहर करीब 2 बजे की है। बताया जा रहा है कि सार्जन ने बड़े भाई मनखुश की टोटो की स्टेफनी (स्पेयर टायर) बेच दी थी। इसी बात को लेकर घर में बहस छिड़ गई। तभी छोटा भाई सरवन वहां पहुंचा और विवाद बढ़ता चला गया। अचानक नशे में धुत सार्जन ने सरवन को चाकू मार दिया। जब पिता परमानंद यादव बीच-बचाव के लिए आगे आए, तो उन पर भी चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए।

गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। छोटे बेटे सरवन की हालत भी नाजुक बनी हुई है और उसका इलाज चल रहा है।

गोगरी पुलिस ने आरोपी बेटे सार्जन कुमार को मौके से गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच में जुट गई है।

भागलपुर पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे बड़े बेटे मनखुश और अन्य परिजनों ने बताया कि आरोपी नशे का आदी था और अक्सर घर में विवाद करता रहता था। वह शराब, गांजा, स्मैक जैसी नशे की चीज़ों का सेवन करता था।

फिलहाल इस दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे गांव को सदमे में डाल दिया है। अब देखना होगा कि गोगरी पुलिस इस मामले में कितनी तेजी से कार्रवाई करती है और न्याय की राह कितनी जल्द तय होती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button