EOU की बड़ी कार्रवाई: प्रवर्तन अवर निरीक्षक के ठिकानों पर छापेमारी, 1.49 करोड़ की संपत्ति का मामला

आय से अधिक संपत्ति मामले में प्रवर्तन अवर निरीक्षक के ठिकानों पर EOU की छापेमारी
भोजपुर और पटना में एक साथ दो ठिकानों पर तलाशी, करीब 1.49 करोड़ रुपये की संपत्ति प्रथमदृष्टया आय से अधिक होने का दावा
आरा/भोजपुर। आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने बुधवार को परिवहन विभाग के प्रवर्तन अवर निरीक्षक अमित कुमार गुप्ता के भोजपुर और पटना स्थित ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। EOU की अलग-अलग टीमों ने दोनों स्थानों पर पहुंचकर आवास और फ्लैट की तलाशी शुरू की। कार्रवाई के दौरान जमीन-जायदाद से जुड़े दस्तावेज, संपत्ति के रिकॉर्ड और अन्य महत्वपूर्ण कागजात की जांच की जा रही है।
EOU के अनुसार, अमित कुमार गुप्ता के खिलाफ EOU थाना कांड संख्या 26/26, दिनांक 29 सितंबर 2026 को मामला दर्ज किया गया है। प्राथमिकी भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 13(2) सहपठित धारा 13(1)(बी) के तहत दर्ज की गई है। EOU का कहना है कि विश्वसनीय सूचना के आधार पर उनकी आय और संपत्ति का सत्यापन कराया गया था। सत्यापन के दौरान ज्ञात आय के वैध स्रोतों की तुलना में करीब 1 करोड़ 49 लाख 58 हजार 500 रुपये की संपत्ति प्रथमदृष्टया आय से अधिक पाई गई। EOU के मुताबिक यह राशि ज्ञात आय से करीब 148.10 प्रतिशत अधिक है।
अवधपुरी और दानापुर में एक साथ तलाशी
EOU की एक टीम भोजपुर के मुफस्सिल थाना क्षेत्र स्थित अवधपुरी, चंदवा मोड़ के पास अमित कुमार गुप्ता के निजी आवास पर पहुंची। वहीं दूसरी टीम पटना के दानापुर थाना क्षेत्र स्थित साई वरदान सिटी के सी ब्लॉक, फ्लैट नंबर 609 में तलाशी ले रही है।
दोनों स्थानों पर पुलिस उपाधीक्षक स्तर के अधिकारियों के नेतृत्व में कार्रवाई की जा रही है। टीम द्वारा संपत्ति से संबंधित दस्तावेजों और अन्य रिकॉर्ड की बारीकी से जांच की जा रही है।
मोहनियां चेक पोस्ट पर हैं पदस्थापित
अमित कुमार गुप्ता वर्तमान में कैमूर जिले के मोहनियां चेक पोस्ट पर प्रवर्तन अवर निरीक्षक के पद पर पदस्थापित बताए जा रहे हैं। इससे पहले वे पटना में पदस्थापित थे। प्राथमिकी में उनका स्थायी पता भोजपुर के मुफस्सिल थाना क्षेत्र स्थित अवधपुरी, चंदवा मोड़ के पास बताया गया है।
बताया गया है कि भोजपुर ट्रक ओनर एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष अजय यादव की ओर से पूर्व में EOU को शिकायत देकर उनकी संपत्ति की जांच की मांग की गई थी।
तलाशी पूरी होने के बाद सामने आएगी बरामदगी की जानकारी
EOU की कार्रवाई फिलहाल जारी है। तलाशी के दौरान क्या-क्या दस्तावेज या अन्य सामग्री बरामद हुई है, इसकी विस्तृत जानकारी फिलहाल आधिकारिक तौर पर साझा नहीं की गई है। अधिकारियों के अनुसार तलाशी पूरी होने के बाद बरामदगी और जांच से संबंधित विस्तृत जानकारी सामने आ सकती है।
नोट: आय से अधिक संपत्ति से संबंधित आरोपों पर अंतिम निष्कर्ष जांच और न्यायिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा।



