गंगा का जलस्तर बढ़ने से तीन घाटों पर बाइक फेरी सेवा दो दिनों के लिए बंद

एप्रोच रोड पर कटाव के बाद जिला प्रशासन ने जारी किए निर्देश, पैदल यात्रियों के लिए सेवा रहेगी चालू
भागलपुर । गंगा नदी के जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि और नवगछिया की ओर एप्रोच रोड पर शुरू हुए कटाव को देखते हुए जिला प्रशासन ने तीन घाटों से संचालित फेरी सेवा में बाइक के आवागमन पर अगले दो दिनों के लिए रोक लगा दी है।
प्रशासन के अनुसार, बियादा घाट, बाबूपुर घाट/डीपीएस घाट तथा जानकी चौक, नवगछिया से संचालित फेरी सेवा में बाइक का आवागमन फिलहाल बंद रहेगा। एप्रोच रोड पर कटाव के कारण बाइक से आवागमन में परेशानी उत्पन्न हो रही है।
कटाव को नियंत्रित करने और एप्रोच रोड को सुरक्षित करने के लिए फ्लड कंट्रोल एवं जल संसाधन विभाग (WRD) की टीम द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। जिला प्रशासन ने भी स्थिति पर लगातार निगरानी रखने और यात्रियों की सुविधा के लिए आवश्यक कदम उठाने की बात कही है।
हालांकि, पैदल यात्रियों के लिए फेरी सेवा पूर्ववत जारी रहेगी। प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि अगले दो दिनों के दौरान उक्त घाटों पर बाइक लेकर न आएं और यात्रा से पहले जारी निर्देशों को ध्यान में रखें।



