पेड़ से लटका मिला युवक का शव, हत्या की आशंका से इलाके में सनसनी

Screenshot 20260226 092924 Facebook

बिहपुर प्रखंड अंतर्गत लत्तीपुर उत्तर पंचायत के वार्ड संख्या 12 में बुधवार की सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक 22 वर्षीय युवक का शव पेड़ से फंदे के सहारे लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। वहीं, सूचना पर बिहपुर थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
मृतक की पहचान लत्तीपुर निवासी दिलीप यादव के 22 वर्षीय पुत्र अभिषेक कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अभिषेक का शव उसके घर से करीब 100 मीटर की दूरी पर स्थित उसके बासा के पास अमरूद के पेड़ से लटका मिला।

img 20240801 wa00017040687439974309214


हत्या या आत्महत्या ?

उठ रहे सवाल
घटना को लेकर ग्रामीणों में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस पेड़ की डाल से शव लटका मिला, वह काफी पतली है। ऐसे में ग्रामीण हत्या की आशंका जता रहे हैं। उनका कहना है कि युवक की हत्या कहीं और कर शव को यहां लटकाकर आत्महत्या का रूप दिया गया हो सकता है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा खुलासा
बिहपुर थानाध्यक्ष संतोष कुमार शर्मा ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल नवगछिया भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। खबर लिखे जाने तक इस संबंध में पुलिस को कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ था।


आपराधिक पृष्ठभूमि भी चर्चा में
गौरतलब है कि मृतक के पिता दिलीप यादव का नाम पूर्व में आपराधिक मामलों में सामने आ चुका है। करीब तीन वर्ष पूर्व नदी थाना क्षेत्र के गरैया कोसी बहियार में हुई हत्या के मामले में दिलीप यादव और अभिषेक कुमार के खिलाफ केस दर्ज हुआ था। लत्तीपुर चौक पर हुई फायरिंग की घटना में भी उनका नाम जुड़ा था। हाल ही में दिलीप यादव ने न्यायालय में आत्मसमर्पण किया था।
फिलहाल गांव में दहशत और संशय का माहौल है। पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। अब सबकी नजर पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पर टिकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *