भागलपुर

नवगछिया में 154 ग्राम स्मैक के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

नवगछिया। मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत नवगछिया पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने नवगछिया जीरोमाइल के पास से 154 ग्राम ब्राउन शुगर (स्मैक) के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 6 से 7 लाख रुपये आंकी जा रही है।


पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 7 मार्च 2026 को नवगछिया थाना को गुप्त सूचना मिली थी कि जीरोमाइल के समीप ब्राउन शुगर की खेप की डिलीवरी होने वाली है। सूचना के सत्यापन एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए पुलिस अधीक्षक, नवगछिया के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया।
गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जीरोमाइल के पास खड़े दो संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। तलाशी के दौरान उनके पास से कुल 154 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई। इसके बाद दोनों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।


गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ज्योतिष कुमार (पिता-बंटू सिंह), निवासी लौवालगाम थाना चौसा, जिला मधेपुरा तथा मयंक कुमार (पिता-शंकर जयसवाल), निवासी खोपड़िया थाना चौसा, जिला मधेपुरा के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके पास से दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।
इस संबंध में नवगछिया थाना कांड संख्या 113/26, दिनांक 07.03.2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8(c), 21(b), 25 एवं 29 के अंतर्गत मामला दर्ज कर अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button