
समृद्धि यात्रा के तहत खगड़िया पहुंचे सीएम नीतीश, विकास कार्यों की गिनाई उपलब्धियां; रोजगार और उद्योग पर बड़ा ऐलान

श्रवण आकाश, खगड़िया (बिहार)
बिहार में चल रही समृद्धि यात्रा के क्रम में शुक्रवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार खगड़िया पहुंचे, जहां उन्होंने विभिन्न विकास योजनाओं का निरीक्षण किया और विशाल जनसभा को संबोधित किया। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, समाज कल्याण मंत्री मदन साहनी, परबत्ता विधायक बाबूलाल सौर्य सहित एनडीए के कई नेता व हजारों की संख्या में कार्यकर्ता और आम लोग मौजूद रहे।
जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार में वर्ष 2005 के बाद हुए विकास कार्यों की विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि राज्य में सड़क, बिजली, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में ऐतिहासिक बदलाव हुआ है। मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार के सहयोग की सराहना करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार जताया और कहा कि केंद्र के सहयोग से बिहार में विकास की गति तेज हुई है।

सीएम ने घोषणा करते हुए कहा कि अगले पांच वर्षों में बिहार के एक करोड़ युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में सरकार काम कर रही है। प्रत्येक जिले में औद्योगिक केंद्र स्थापित किए जाएंगे, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। उन्होंने कहा कि हर प्रखंड में आदर्श विद्यालय और डिग्री कॉलेज खोले जाएंगे, जबकि सरकारी चिकित्सकों द्वारा निजी प्रैक्टिस पर भी रोक लगाने की तैयारी की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने पर्यटन और टूरिज्म के विकास को भी प्राथमिकता देने की बात कही। साथ ही खगड़िया जिले के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि बाढ़ से सुरक्षा के लिए तटबंध निर्माण, मेडिकल कॉलेज और अस्पताल की स्थापना, बागमती और बूढ़ी गंडक नदी पर पुल निर्माण तथा नगर सुरक्षा बांध जैसी योजनाएं जल्द गति पकड़ेंगी। इसके अलावा 22 गांवों में दुग्ध उत्पादन समितियां स्थापित कर ग्रामीणों को रोजगार से जोड़ने की योजना भी बनाई जा रही है।इस दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी विकास योजनाओं को पूरी प्रतिबद्धता और संवेदनशीलता के साथ तेजी से क्रियान्वित किया जाए।

सभा को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपने संबोधन की शुरुआत स्थानीय अंदाज में “हाल छै खगड़िया…” कहकर की, जिससे सभा में उत्साह का माहौल बन गया। उन्होंने कहा कि बिहार में फिर से एनडीए की सरकार बनेगी और खगड़िया जिले को विकास की मुख्यधारा में और आगे लाया जाएगा। उन्होंने खगड़िया में इंडस्ट्रीज और स्टील प्लांट स्थापित करने की भी घोषणा की।

सम्राट चौधरी ने कहा कि खगड़िया की जनता ने उन्हें राजनीति में आगे बढ़ने का अवसर दिया है, जिसके लिए वे हमेशा ऋणी रहेंगे। वहीं उन्होंने परबत्ता विधायक बाबूलाल सौर्य की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में परबत्ता विधानसभा क्षेत्र को आतंकमुक्त बनाने की दिशा में सराहनीय कार्य हो रहा है।


