नवगछिया/बिहपुर: रेलवे स्पोर्ट्स ग्राउंड, बिहपुर में 27 से 29 मार्च तक आयोजित होने वाली चौथी बिहार राज्य गोल्ड कप बॉल बैडमिंटन प्रतियोगिता की तैयारियां तेज हो गई हैं। बिहार बॉल बैडमिंटन संघ के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता के सफल संचालन को लेकर आयोजन समिति सक्रिय है।

आयोजन अध्यक्ष उत्तम कुमार, संरक्षक चंदन भारद्वाज, उपाध्यक्ष अमन आनंद, कोषाध्यक्ष कुणाल कुमार उर्फ भानू झा, जिला अध्यक्ष मनोज कुमार लाल, सचिव ज्ञानदेव कुमार एवं आयोजन सचिव अभिनाश कुमार शर्मा की देखरेख में तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
संघ के सचिव गौरी शंकर ने बताया कि प्रतियोगिता के दौरान मैचों के संचालन के लिए 11 राष्ट्रीय व राज्य स्तरीय निर्णायकों की नियुक्ति की गई है।
उन्होंने बताया कि इस प्रतियोगिता में प्रदर्शन के आधार पर बिहार टीम के प्रशिक्षण शिविर के लिए 13 पुरुष और 13 महिला खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। इसके लिए पांच सदस्यीय चयन समिति का गठन किया गया है, जिसमें रंजन कुमार गुप्ता (पटना) को अध्यक्ष और बादल कुमार (मुजफ्फरपुर) को संयोजक बनाया गया है। समिति में विशाल कुमार (सिवान), नेहा रानी (सुपौल) और संतोष शर्मा (मधुबनी) सदस्य के रूप में शामिल हैं।
प्रतियोगिता के पुरुष वर्ग में बेगूसराय, सिवान, मधेपुरा, नवगछिया, वैशाली, भागलपुर, पटना, बाढ़ सहित एकलव्य स्पोर्ट्स एकेडमी की टीमें भाग लेंगी। वहीं महिला वर्ग में वैशाली, बेगूसराय, पटना, दरभंगा, भागलपुर, पूर्वी चंपारण, मुजफ्फरपुर, नवगछिया, बाढ़ एवं एकलव्य स्पोर्ट्स एकेडमी की टीमों को भागीदारी की अनुमति दी गई है।
तीन दिवसीय इस प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। आयोजन समिति ने सफल आयोजन का दावा किया है।

