नवगछिया। थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या 13, बिहपुर जमालपुर पंचायत निवासी मोहम्मद कासिम राईन ने अपने 17 वर्षीय पुत्र के अपहरण की आशंका जताते हुए बिहपुर थाना में लिखित आवेदन दिया है।
दिए गए आवेदन के अनुसार उनका पुत्र मोहम्मद राजा 21 मार्च 2026 की सुबह करीब 10 बजे अपनी बहन के घर मरिया (जिला खगड़िया) जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन देर शाम तक वह वहां नहीं पहुंचा। इसके बाद परिजनों द्वारा काफी खोजबीन की गई, परंतु उसका कोई सुराग नहीं मिल सका।
परिजनों ने बताया कि पुत्र के मोबाइल नंबर पर कई बार संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन मोबाइल बंद मिला। इसी बीच उन्हें सूचना मिली कि मोहम्मद सालिफ की पत्नी जाहना खातून द्वारा शादी की नीयत से उनके पुत्र को बहला-फुसलाकर ले जाया गया है।
आवेदन में आरोप लगाया गया है कि जाहना खातून, उसके पति सालिफ तथा कालो खातून (पति स्व. मोहम्मद यूनुस), निवासी बिरौली गांव, थाना रुपौली, जिला पूर्णिया ने मिलकर साजिश के तहत नाबालिग का अपहरण किया है।
मोहम्मद कासिम राईन ने बताया कि सूचना मिलने पर वे रुपौली पहुंचे, जहां स्थानीय मुखिया एवं सरपंच के प्रयास से उनके पुत्र ने कथित तौर पर लड़की के मोबाइल से बात कर घर लौटने की बात कही, लेकिन वह अब तक वापस नहीं आया है। उन्होंने आशंका जताई है कि कालो खातून द्वारा उनके पुत्र को छुपाकर रखा गया है, जिससे किसी अनहोनी की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता।
आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि नाबालिग के पास लगभग पांच भरी चांदी की चेन एवं आठ हजार रुपये नकद थे। आवेदक ने आरोपितों के मोबाइल नंबर पुलिस को उपलब्ध कराते हुए पुत्र की सकुशल बरामदगी एवं नामजद आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
इस संबंध में थानाध्यक्ष संतोष कुमार शर्मा ने बताया कि आवेदन प्राप्त हुआ है और मामले की जांच की जा रही है।

