देशी कट्टा, 31 कारतूस व मोबाइल बरामद, हत्या समेत 8 मामलों का आरोपी है मुकेश
नवगछिया – पुलिस जिला नवगछिया को बड़ी सफलता हाथ लगी है। इस्माईलपुर के गंगा दियारा क्षेत्र में अवैध हथियारों के साथ फसल लूट की साजिश रच रहे कुख्यात अपराधी मुकेश यादव सहित दो अभियुक्तों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। कार्रवाई नवगछिया पुलिस और STF की संयुक्त टीम ने की।
पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि इस्माईलपुर दियारा इलाके में कुछ अपराधी हथियारों से लैस होकर किसानों की फसल लूटने और क्षेत्र में दहशत फैलाने की योजना बना रहे हैं। सूचना के आधार पर 24 मार्च 2026 की रात विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया।
छापेमारी के दौरान फुलकिया दियारा से कमलाकुंड निवासी मुकेश यादव (पिता- हरदेव यादव) को एक देशी कट्टा और 27 जिंदा कारतूस के साथ दबोचा गया। वहीं लतरा (थाना गोपालपुर) निवासी राजू यादव (पिता- सुखदेव यादव) को 4 जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने दोनों के पास से कुल 31 कारतूस और दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।
इस संबंध में इस्माईलपुर थाना में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, मुकेश यादव का आपराधिक इतिहास लंबा रहा है। उसके खिलाफ हत्या, रंगदारी और आर्म्स एक्ट समेत कुल आठ आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें वर्ष 2012 से 2026 तक के गंभीर कांड शामिल हैं। वहीं राजू यादव के विरुद्ध गोपालपुर थाना में एक मामला दर्ज है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दियारा क्षेत्र में अपराध पर नियंत्रण के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और किसी भी आपराधिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पोस्टर बना दो आकर्षक


