नवगछिया ने चौथी बार फहराया परचम, बेगूसराय महिला वर्ग की चैंपियन

1774709218780

बिहपुर रेलवे मैदान पर आयोजित चौथी बिहार राज्य गोल्ड कप बॉल बैडमिंटन प्रतियोगिता का समापन रोमांचक मुकाबलों के साथ हुआ। बिहार बॉल बैडमिंटन संघ के तत्वावधान में तथा नवगछिया बॉल बैडमिंटन संघ के आयोजन में खेले गए इस टूर्नामेंट में पुरुष वर्ग का खिताब नवगछिया ने लगातार चौथी बार अपने नाम कर इतिहास रच दिया, जबकि महिला वर्ग में बेगूसराय की टीम विजेता बनी।

img 20251223 wa00325294123642937209594


पुरुष वर्ग के फाइनल मुकाबले में नवगछिया ने बेगूसराय को 35-29, 35-30 से पराजित कर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। वहीं महिला वर्ग के फाइनल में बेगूसराय ने बाढ़ को कड़े संघर्ष में 35-27, 30-35, 35-31 से हराकर चैंपियन बनने का गौरव प्राप्त किया। महिला वर्ग में नवगछिया की टीम तीसरे स्थान पर रही, जबकि पुरुष वर्ग में सीवान ने तीसरा स्थान हासिल किया।
प्रतियोगिता में व्यक्तिगत प्रदर्शन भी चर्चा का केंद्र रहा। पुरुष वर्ग में नवगछिया के आशीष कुमार को ‘टूर्नामेंट का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी’ घोषित किया गया। महिला वर्ग में अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी युक्ता रानी को सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार मिला।

img 20260328 wa00418668213008722924118

महिला वर्ग में बाढ़ की अंशु को बेस्ट फ्रंट, बेगूसराय की कशिश को बेस्ट बैक एवं सेंटर तथा युक्ता रानी को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। पुरुष वर्ग में नवगछिया के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी राहुल कुमार को बेस्ट सेंटर, अंकित शर्मा को बेस्ट फ्रंट और बेगूसराय के शशांक को बेस्ट बैक का पुरस्कार प्रदान किया गया। सूरज और मुकुल ने भी अपने शानदार खेल से दर्शकों की खूब सराहना बटोरी।
विजेता एवं उपविजेता टीमों को मुख्य अतिथियों जिप सदस्य रेणू चौधरी, मोईन राईन एवं शिक्षाविद् संजीव कुमार झा ने ट्रॉफी एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया। समापन समारोह में आयोजन अध्यक्ष उत्तम कुमार, उपाध्यक्ष अमन आनंद, आयोजन संरक्षक चंदन भारद्वाज, पैक्स अध्यक्ष कुणाल उर्फ भानू झा, राधाकृष्ण सिंह, बिट्टू चौधरी, चंद्रकांत चौधरी, संघ अध्यक्ष मनोज कुमार लाल, राज्य सचिव गौरी शंकर, जिला सचिव ज्ञानदेव कुमार सहित बड़ी संख्या में खेलप्रेमी उपस्थित थे।


पूरे आयोजन के दौरान खिलाड़ियों के उत्साह और दर्शकों की तालियों से मैदान गूंजता रहा, जिससे बिहपुर एक बार फिर खेल नगरी के रूप में स्थापित होता दिखा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *