नवगछिया। पुलिस जिला नवगछिया में अपराध नियंत्रण को लेकर चलाए जा रहे विशेष वाहन जांच अभियान के तहत कदवा थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एनएच-58 स्थित तिरधार के समीप जांच के दौरान एक संदिग्ध युवक को पकड़कर उसके पास से विभिन्न कंपनियों के 17 चोरी के मोबाइल बरामद किए हैं।

जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक नवगछिया के निर्देश पर संदिग्ध व्यक्तियों की धरपकड़ और अपराध पर अंकुश लगाने के लिए लगातार वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 30 मार्च 2026 को कदवा थाना पुलिस की टीम तिरधार के पास वाहन जांच कर रही थी। तभी एक व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए उसे खदेड़कर पकड़ लिया।
पूछताछ के दौरान युवक संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। तलाशी लेने पर उसके पास से विभिन्न कंपनियों के कुल 17 मोबाइल फोन बरामद हुए। गिरफ्तार आरोपी की पहचान शिव कुमार चौधरी, पिता दुवराज चौधरी, निवासी गोपालपुर मकई टोला, थाना व जिला साहेबगंज (झारखंड) के रूप में हुई है।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अलग-अलग स्थानों से मोबाइल चोरी कर उन्हें बेचने का काम करता था। बरामद मोबाइल के संबंध में वह कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका।
इस मामले में कदवा थाना कांड संख्या 36/26 दिनांक 30.03.2026 के तहत धारा 317(1)/317(4) बीएनएस के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।

