अपराधबिहारभागलपुर

निर्माणाधीन पंचायत भवन में मुंशी की बेरहमी से हत्या, चेहरे और गले पर चाकू के कई वार; पुलिस जांच में जुटी

नवगछिया : नवगछिया पुलिस जिला के परवत्ता थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब निर्माणाधीन पंचायत सरकार भवन परिसर से एक मुंशी का रक्तरंजित शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान  कदवा थाना क्षेत्र स्थित आश्रम टोला निवासी ब्रजेश यादव (34) के रूप में हुई है। वह पिछले करीब दो वर्षों से संवेदक के मुंशी के रूप में जमुनिया पंचायत सरकार भवन के निर्माण कार्य की देखरेख कर रहे थे।

प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि बदमाशों ने ब्रजेश यादव की बेहद निर्मम तरीके से हत्या की। उनके गले पर गहरे निशान, जबकि माथे, कान और मुंह पर धारदार हथियार (चाकू) से कई वार किए गए हैं। शव की स्थिति देखकर आशंका जताई जा रही है कि हत्या देर रात की गई।

यह घटना विक्रमशिला पुल पहुंच पथ स्थित गरैया गांव से जमुनिया जाने वाली ग्रामीण सड़क किनारे बन रहे पंचायत सरकार भवन परिसर की है। गुरुवार रात भी ब्रजेश यादव निर्माण स्थल पर मौजूद थे। शुक्रवार सुबह स्थानीय लोगों ने निर्माण स्थल के पास उनका शव देखा तो पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और तत्काल परवत्ता थाना पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही परवत्ता थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया। घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए।

फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस निर्माण स्थल पर कार्यरत मजदूरों, आसपास के लोगों और अन्य संबंधित व्यक्तियों से पूछताछ कर रही है। साथ ही तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सुरागों के आधार पर हत्यारों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। इस निर्मम हत्या से पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।

नवगछिया के पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा ने बताया कि गरैया गांव के पास एक व्यक्ति का शव मिला है। मृतक ब्रजेश यादव मुंशी का कार्य करते थे। एफएसएल टीम मौके पर पहुंचकर जांच कर रही है। सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है और जल्द ही मामले का उद्भेदन कर दोषियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button