भागलपुर

बिहपुर में सजेगा राज्यस्तरीय खेल महाकुंभ, 27 से शुरू होगा गोल्ड कप बॉल बैडमिंटन टूर्नामेंट

भागलपुर जिले के बिहपुर (नवगछिया) में खेल प्रेमियों के लिए बड़ी खबर है। बिहार बॉल बैडमिंटन संघ के तत्वावधान में 27 से 29 मार्च तक चौथी बिहार राज्य गोल्ड कप बॉल बैडमिंटन प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। यह प्रतिष्ठित टूर्नामेंट रेलवे स्पोर्ट्स ग्राउंड, बिहपुर में आयोजित होगा, जिसमें पुरुष और महिला दोनों वर्गों की टीमें हिस्सा लेंगी।
संघ के सचिव गौरी शंकर ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रतियोगिता में 10 पुरुष और 10 महिला टीमों को भाग लेने की अनुमति दी गई है। मुकाबले लीग-कम-नॉकआउट फॉर्मेट में खेले जाएंगे, जिससे दर्शकों को रोमांचक और कड़े मुकाबले देखने को मिलेंगे।
प्रतियोगिता के अंत में दोनों वर्गों में विजेता, उपविजेता और तीसरे स्थान पर रहने वाली टीमों को आकर्षक पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। वहीं, शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन पूर्वी क्षेत्र अंतर-राज्य बॉल बैडमिंटन चैंपियनशिप के लिए बिहार टीम में किया जाएगा।
इस आयोजन को सफल बनाने के लिए आयोजन अध्यक्ष उत्तम कुमार, उपाध्यक्ष अमन आनंद, संरक्षक चंदन भारद्वाज, कोषाध्यक्ष कुणाल कुमार उर्फ भानू झा और नवगछिया पुलिस जिला बॉल बैडमिंटन संघ के सचिव ज्ञानदेव कुमार की देखरेख में तैयारियां जोरों पर हैं।
स्थानीय स्तर पर इस बड़े खेल आयोजन को लेकर खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button